विश्व पर्यावरण दिवस पर सिलफिली में पौधरोपण और पौध वितरण के जरिए दिया गया हरियाली का संदेश
सिलफिली, सूरजपुर, 05 जून 2026। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, दुर्ग के अंतर्गत संचालित उद्यानिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र, सिलफिली द्वारा वृक्षारोपण एवं पौध वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत मदनपुर की सरपंच श्रीमती सधारण अगरिया अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. रविन्द्र तिग्गा, अधिष्ठाता एवं निदेशक, प्रसार शिक्षा एवं प्रशिक्षण द्वारा की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं अभिनंदन के साथ हुआ। इसके उपरांत महाविद्यालय परिसर में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें अतिथियों, कृषकों, प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण में वृद्धि तथा प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन के उद्देश्य से विभिन्न फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया गया। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. रविन्द्र तिग्गा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है तथा वृक्षारोपण इसके लिए सबसे प्रभावी माध्यमों में से एक है। उन्होंने सभी को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने एवं उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
सरपंच श्रीमती साधारण अगरिया ने भी ग्रामीण क्षेत्रों में वृक्षारोपण को जनभागीदारी से जोड़ने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने पर बल दिया। उद्यानिकी महाविद्यालय के शिक्षकों के द्वारा फलदार वृक्षों के रोपण की तकनीकी जानकारी एवं रखरखाव के सुझाव दिए गए। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कृषकों एवं प्रतिभागियों को फलदार एवं छायादार पौधों का वितरण किया गया। वृक्षारोपण कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। साथ ही “खेत बचाओ अभियान”के अंतर्गत कृषकों को मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, मृदा परीक्षण आधारित उर्वरक उपयोग, एकीकृत पोषक तत्व प्रबंधन, जल संरक्षण तथा पर्यावरण अनुकूल कृषि पद्धतियों के संबंध में जागरूक किया गया। अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए किसानों को टिकाऊ कृषि अपनाने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण हेतु प्रेरित किया गया। अंत में सभी उपस्थित जनों ने पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, मृदा स्वास्थ्य संवर्धन एवं टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस अवसर पर प्रगतिशील कृषक गोविन्द विश्वास, प्रभास बछाड़, संजय बैरागी तथा शासकीय महाविद्यालय के कर्मचारीगण एवं उद्यानिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र के अतिथि शिक्षक गण, कर्मचारीगण, छात्र-छात्राएँ एवं क्षेत्र के अन्य कृषक उपस्थित रहे।
About The Author


