सूत सारथी समाज में विवाह योग्य युवक-युवतियों के लिए बनेगा वैवाहिक मंच
प्रत्येक जिले में नियुक्त होंगे मैरिज वॉलेंटियर, योग्य वर-वधु तलाशने में करेंगे सहयोग
बिलासपुर – सूत सारथी समाज छत्तीसगढ़ प्रदेश ने समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों के लिए एक अभिनव पहल करते हुए वैवाहिक मंच का गठन किया है। इसके माध्यम से अब समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों के लिए योग्य वर-वधु की तलाश आसान बनाई जाएगी। इस कार्य के लिए प्रत्येक जिले में मैरिज वॉलेंटियर (वैवाहिक स्वयंसेवक) नियुक्त किए जाएंगे।
सूत सारथी समाज छत्तीसगढ़ प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष शिव सारथी, प्रदेश महासचिव पवन बघेल एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष अनिल सारथी ने संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि समाज में विवाह योग्य युवक-युवतियों के माता-पिता को अपने बच्चों के लिए योग्य जीवनसाथी तलाशने में अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कई बार समय पर उचित रिश्ता नहीं मिलने के कारण अभिभावकों का समय और धन दोनों व्यर्थ होते हैं। इसी समस्या के स्थायी समाधान के उद्देश्य से समाज ने यह पहल की है।
इस वैवाहिक मंच का संचालन समाज के संरक्षक प्रेमलाल सारथी, दाऊ राम सारथी, छत्तर सिंह बघेल, इंजीनियर एम.आर. बघेल, गेंद लाल सारथी एवं राजेंद्र सारथी (रायपुर) के मार्गदर्शन में किया जाएगा।
योजना के अंतर्गत प्रत्येक जिले में मैरिज वॉलेंटियर सदस्य बनाए जाएंगे। इनका दायित्व जिला अध्यक्ष एवं जिला कार्यकारिणी के सदस्यों के साथ समन्वय स्थापित कर जिले के विवाह योग्य युवक-युवतियों का व्यवस्थित रिकॉर्ड तैयार करना होगा। साथ ही अन्य जिलों के पदाधिकारियों एवं मैरिज वॉलेंटियर से संपर्क स्थापित कर योग्य वर-वधु के बीच वैवाहिक संबंध बनाने में सहयोग करना होगा। इस कार्य को प्रोत्साहित करने के लिए सफलतापूर्वक वैवाहिक रिश्ता तय कराने वाले मैरिज वॉलेंटियर को निर्धारित मानदेय अथवा प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाएगी, ताकि वे आर्थिक परेशानी के बिना समाजहित में अपना योगदान दे सकें।
प्रदेश अध्यक्ष शिव सारथी ने कहा कि वर्तमान समय में समाज के अनेक युवक-युवतियां उच्च शिक्षित होकर विवाह योग्य हो चुके हैं, लेकिन उनके अनुरूप योग्य वर-वधु नहीं मिल पाने के कारण परिवारों को परेशानी उठानी पड़ रही है। यह समाज के सामने एक महत्वपूर्ण सामाजिक चुनौती है। इसका समाधान करना केवल किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है। समाज के सभी स्वजातीयजनों को मिलकर इस दिशा में ठोस प्रयास करना चाहिए। मैरिज वॉलेंटियर जैसी अभिनव पहल समाज की आवश्यकता और समय की मांग है।
इस पुनीत अभियान को सफल बनाने के लिए जिला अध्यक्ष श्री मोहित सारथी (जशपुर) कीर्तन सारथी (रायगढ़)गोपी सारथी (कोरबा), कमलेश सारथी (दुर्ग), पवन सारथी (बिलासपुर), शिव चरण सारथी (सारंगढ़-बिलाईगढ़) एवं सुजीत सारथी (खैरागढ़) ने समाज के सभी जिला पदाधिकारियों एवं स्वजातीयजनों से अपील की है कि वे इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं। अभिभावक अपने विवाह योग्य बेटे-बेटियों की जानकारी निर्धारित प्रारूप में भरकर संबंधित जिला अध्यक्ष को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं, ताकि उपलब्ध जानकारी के आधार पर मैरिज वॉलेंटियर गांव-गांव और शहर-शहर तक पहुंचकर योग्य वर-वधु की तलाश कर सकें और परिवारों को वैवाहिक संबंध स्थापित करने में सहयोग प्रदान कर सकें।
समाज की यह पहल न केवल विवाह योग्य युवक-युवतियों को योग्य जीवनसाथी उपलब्ध कराने में सहायक होगी, बल्कि आपसी सामाजिक संपर्क, एकता और सहयोग को भी नई मजबूती प्रदान करेगी।
About The Author


