सिंगापुर से छत्तीसगढ़ के लिए बड़ी सौगात: ₹43,600 करोड़ के FDI प्रस्ताव, कौशल विकास और एग्रो प्रोसेसिंग में नए करार

1791297213_22f75373e3b958bc2f78

ITE Education Services के साथ एमओयू से उद्योगों की जरूरत के अनुरूप तैयार होंगे युवा; Valency International ₹350 करोड़ से स्थापित करेगी एग्रो एवं फूड प्रोसेसिंग एक्सपोर्ट हब

रायपुर, 6 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सिंगापुर यात्रा के अंतिम दिन छत्तीसगढ़ ने कौशल विकास, निवेश और वैश्विक औद्योगिक साझेदारी के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण पहल कीं। प्रदेश के युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप आधुनिक प्रशिक्षण देने के लिए ITE Education Services, Singapore के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया गया। वहीं Valency International ने छत्तीसगढ़ में एग्रो एवं फूड प्रोसेसिंग और एक्सपोर्ट हब स्थापित करने के लिए ₹350 करोड़ के निवेश की रुचि जताई है।

सिंगापुर यात्रा के दौरान छत्तीसगढ़ को मिले विभिन्न FDI निवेश प्रस्तावों की कुल राशि बढ़कर ₹43,600 करोड़ हो गई है। मुख्यमंत्री साय ने सिंगापुर के विदेश मंत्री डॉ. विवियन बालाकृष्णन से भी मुलाकात की। इसके अलावा 15 से अधिक वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ निवेश और साझेदारी की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

छत्तीसगढ़ ने विदेश मंत्रालय, भारत सरकार के नामांकन पर Singapore-India Network for Growth (SING) Forum 2026 में भी भाग लिया।

उद्योगों की जरूरत के मुताबिक तैयार होंगे छत्तीसगढ़ के युवा

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में छत्तीसगढ़ सरकार और ITE Education Services, Singapore के बीच तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा और प्रशिक्षण के लिए एमओयू हुआ। मुख्यमंत्री और प्रतिनिधिमंडल ने ITE कॉलेज का भ्रमण कर वहां के उद्योग-आधारित प्रशिक्षण मॉडल को समझा।

सिंगापुर में Cisco, BYD और Singapore Airlines जैसी कंपनियां ITE कॉलेजों के साथ मिलकर पाठ्यक्रम तैयार करने, प्रशिक्षण देने और आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने में सहयोग करती हैं। इसी मॉडल के अनुभव का लाभ छत्तीसगढ़ में भी लिया जाएगा।

एमओयू के माध्यम से उद्योगों की जरूरत के अनुरूप पाठ्यक्रम तैयार करने, प्रशिक्षकों की क्षमता बढ़ाने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर विकसित करने पर जोर रहेगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि “निवेश से उद्योग आते हैं और कुशल युवा उन उद्योगों की ताकत बनते हैं।” उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवाओं को आधुनिक और उद्योग-केंद्रित प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि प्रदेश में आने वाले उद्योगों को आवश्यक कुशल मानव संसाधन स्थानीय स्तर पर ही मिल सके।

किसानों की उपज को मिलेगा नया बाजार, ₹350 करोड़ का निवेश प्रस्ताव

मुख्यमंत्री श्री साय ने सिंगापुर की Valency International Pte Ltd को छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रित किया। कंपनी ने प्रदेश में करीब ₹350 करोड़ के निवेश से इंटीग्रेटेड एग्रो एवं फूड प्रोसेसिंग और एक्सपोर्ट हब स्थापित करने की योजना साझा की है।

प्रस्तावित हब में काजू, तिल, दलहन और मूंगफली जैसे कृषि उत्पादों की प्रोसेसिंग की जाएगी। इससे प्रदेश में ही कृषि उपज का मूल्य संवर्धन होगा, किसानों को नए बाजार उपलब्ध होंगे और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

सिंगापुर के विदेश मंत्री से निवेश और तकनीक पर चर्चा

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सिंगापुर के विदेश मंत्री डॉ. विवियन बालाकृष्णन से मुलाकात की। बैठक में छत्तीसगढ़ और सिंगापुर के बीच निवेश, कौशल विकास, शहरी नियोजन और तकनीक के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

सिंगापुर के अनुभव और विशेषज्ञता का उपयोग छत्तीसगढ़ के विकास में किस तरह किया जा सकता है, इस पर भी विचार-विमर्श हुआ।

15 से अधिक वैश्विक कंपनियों के साथ निवेश पर संवाद

सीईओ राउंडटेबल में मुख्यमंत्री साय ने 15 से अधिक वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ संवाद किया। इनमें TCS, SMBC, Tolaram Group, Agrocorp, Indian Ocean Group और Blue Aqua सहित अन्य कंपनियां शामिल थीं।

मुख्यमंत्री ने कंपनियों के प्रतिनिधियों को छत्तीसगढ़ की निवेश-अनुकूल नीतियों, विभिन्न सुधारों और कारोबारी वातावरण की जानकारी दी। बैठक में टेक्नोलॉजी, बैंकिंग, एग्रीबिजनेस, एक्वाकल्चर और फूड सेक्टर में निवेश एवं साझेदारी की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

AI और डिजिटल फाइनेंस में युवाओं की स्किलिंग पर जोर

मुख्यमंत्री साय ने Global Finance & Technology Network (GFTN) के प्रतिनिधियों के साथ भी बैठक की। बैठक में छत्तीसगढ़ के युवाओं को AI और डिजिटल फाइनेंस में प्रशिक्षण देने, प्रदेश के स्टार्टअप्स को वैश्विक निवेशकों से जोड़ने तथा नई तकनीकों के लिए टेक लैब स्थापित करने में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

बैठक में GFTN के ग्रुप सीईओ Sopnendu Mohanty, इंडिया, एशिया, जापान एवं ASEAN के सीईओ James Boey और चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर Anthony Thomas सहित उनकी टीम मौजूद रही।

निवेश से लेकर कौशल और तकनीक तक, सिंगापुर यात्रा में कई अहम पहल

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सिंगापुर यात्रा के दौरान निवेश आकर्षित करने के साथ-साथ कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा, एग्रो प्रोसेसिंग, वैश्विक बाजार और नई तकनीकों के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं को आगे बढ़ाया गया।

ITE Education Services के साथ कौशल विकास समझौता और Valency International के ₹350 करोड़ के निवेश प्रस्ताव के साथ यात्रा के दौरान मिले कुल FDI प्रस्तावों का आंकड़ा ₹43,600 करोड़ तक पहुंच गया है। प्रतिनिधिमंडल के 7 अक्टूबर को रायपुर लौटने की जानकारी दी गई है।

About The Author

You may have missed