सिंगापुर से छत्तीसगढ़ को ₹43,600 करोड़ की निवेश प्रतिबद्धताएं, कौशल विकास और वैश्विक साझेदारी को मिली नई दिशा

1791297169_8893511322e59acda65e

तीन दिवसीय दौरे में ₹41,750 करोड़ के AI-रेडी डेटा सेंटर से लेकर एग्रो प्रोसेसिंग तक निवेश प्रस्ताव; ITE Education Services के साथ कौशल विकास का एमओयू

रायपुर, 7 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का तीन दिवसीय सिंगापुर दौरा निवेश, कौशल विकास, तकनीक और अंतरराष्ट्रीय साझेदारी के लिहाज से महत्वपूर्ण रहा। दौरे के दौरान प्रदेश को कुल ₹43,600 करोड़ की प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) प्रतिबद्धताएं प्राप्त हुईं।

भारत सरकार के विदेश मंत्रालय द्वारा प्रथम Singapore-India Network for Growth (SING) Forum-2026 में भागीदारी के लिए छत्तीसगढ़ और हरियाणा का चयन किया गया था। सिंगापुर प्रवास के दौरान छत्तीसगढ़ ने बड़े निवेश प्रस्तावों के साथ कौशल विकास के क्षेत्र में ITE Education Services, Singapore के साथ महत्वपूर्ण एमओयू किया। वहीं हरित विकास, पर्यटन और वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में Gardens by the Bay और Mandai Wildlife Group जैसी वैश्विक संस्थाओं के साथ सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।

₹41,750 करोड़ का AI-रेडी डेटा सेंटर निवेश प्रस्ताव

सिंगापुर की Energy Capital Global (ECG) ने छत्तीसगढ़ में 100 मेगावाट क्षमता का AI-रेडी डेटा सेंटर कैंपस विकसित करने के लिए ₹41,750 करोड़ की निवेश प्रतिबद्धता जताई है। प्रस्तावित परियोजना से छत्तीसगढ़ को डिजिटल अर्थव्यवस्था और आधुनिक डेटा इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में नई संभावनाएं मिलने की उम्मीद है।

इसके अलावा Sunstream Green Energy Pvt. Ltd. की ओर से सौर ऊर्जा क्षेत्र के साथ 300 मेगावाट संबंधित बैटरी स्टोरेज और कंपोनेंट्स के लिए ₹1,500 करोड़ के FDI प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई।

वहीं 22 देशों में कारोबार कर रहे वैश्विक एग्रीबिजनेस समूह Valency International Pte Ltd को छत्तीसगढ़ में ₹350 करोड़ के एकीकृत एग्रो एवं फूड प्रोसेसिंग और एक्सपोर्ट हब की स्थापना के लिए निवेश आमंत्रण दिया गया।

किसानों से लेकर युवाओं तक निवेश का लाभ पहुंचाने पर जोर

एग्रो एवं फूड प्रोसेसिंग हब से प्रदेश में कृषि उत्पादों की वैल्यू चेन को मजबूत करने और किसानों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने के नए अवसर विकसित होने की संभावना है।

वहीं AI, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और आधुनिक उद्योगों में निवेश से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर बनने तथा स्थानीय स्टार्टअप और MSME को वैश्विक कंपनियों के साथ सप्लायर एवं बिजनेस पार्टनर के रूप में जुड़ने की संभावनाएं बढ़ेंगी।

ITE Education Services के साथ कौशल विकास का एमओयू

भविष्य के उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप प्रदेश के युवाओं को तैयार करने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने ITE Education Services, Singapore के साथ तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा और प्रशिक्षण के लिए एमओयू किया।

इस साझेदारी के तहत उद्योगों की जरूरत के अनुरूप पाठ्यक्रम तैयार करने, तकनीकी प्रशिक्षण को मजबूत करने और युवाओं को कौशल से रोजगार तक बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर काम किया जाएगा।

SING Forum में वैश्विक मंच पर प्रस्तुत हुई छत्तीसगढ़ की संभावनाएं

Singapore Business Federation (SBF) द्वारा आयोजित SING Forum-2026 में छत्तीसगढ़ ने निवेश, उद्योग और विकास के क्षेत्र में अपनी संभावनाओं को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया।

फोरम में सिंगापुर के विदेश मंत्रालय तथा व्यापार एवं उद्योग मंत्रालय की राज्य मंत्री Gan Siow Huang, SBF के चेयरमैन Mark Lee, सीईओ Kok Ping Soon सहित Mastercard, Nestlé और IHCL (Taj Hotels) जैसी प्रमुख कंपनियों के वरिष्ठ प्रतिनिधि शामिल हुए।

‘फायरसाइड चैट’ के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप सुधारों को आगे बढ़ा रही है और प्रदेश में आने वाले निवेश को रोजगार सृजन तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था की मजबूती से जोड़ने पर विशेष जोर है।

सिंगापुर के विदेश मंत्री से मुलाकात

मुख्यमंत्री साय ने सिंगापुर के विदेश मंत्री डॉ. Vivian Balakrishnan से मुलाकात की। इस दौरान भारत-सिंगापुर संबंधों को राज्य स्तर पर और मजबूत करने के साथ निवेश, कौशल विकास, शहरी नियोजन और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में छत्तीसगढ़-सिंगापुर सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

15 से अधिक वैश्विक कंपनियों के साथ निवेश पर संवाद

मुख्यमंत्री श्री साय के नेतृत्व में आयोजित CEO Roundtable में 15 से अधिक वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। TCS, SMBC, Tolaram Group और Agrocorp सहित कंपनियों के साथ छत्तीसगढ़ में निवेश और व्यावसायिक साझेदारी की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

Global Finance & Technology Network (GFTN) के साथ बैठक में प्रदेश के युवाओं को AI और डिजिटल फाइनेंस में प्रशिक्षण देने तथा छत्तीसगढ़ के स्टार्टअप्स को वैश्विक निवेशकों और बाजारों से जोड़ने की संभावनाओं पर विचार किया गया।

वहीं Aquatech Pacific Holdings Pte Ltd के साथ औद्योगिक अपशिष्ट जल के पुनः उपयोग से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर पर चर्चा हुई। Adroit Overseas Pte Ltd ने फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं में रुचि दिखाई।

हरित विकास और पर्यटन में वैश्विक सहयोग की संभावनाएं

सिंगापुर यात्रा के दौरान Gardens by the Bay और Mandai Wildlife Group के साथ हुई बैठकों में छत्तीसगढ़ में हरित विकास, जैव विविधता संरक्षण और पर्यटन के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

Gardens by the Bay के अनुभव का उपयोग नवा रायपुर में बॉटनिकल गार्डन विकसित करने और शहरी क्षेत्रों में हरित सार्वजनिक स्थलों के विकास के लिए किया जा सकता है।

Mandai Wildlife Group के साथ नंदनवन जंगल सफारी को विश्वस्तरीय वन्यजीव पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श हुआ। इससे पर्यटन के साथ स्थानीय रोजगार और आजीविका के अवसरों को बढ़ावा देने की संभावनाएं हैं।

मुख्यमंत्री बोले- निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारना अगला लक्ष्य

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सिंगापुर यात्रा को छत्तीसगढ़ की वैश्विक निवेश यात्रा में महत्वपूर्ण पड़ाव बताते हुए कहा कि प्रदेश अब निवेश प्रस्तावों के साथ नई साझेदारियां और आगे बढ़ने का स्पष्ट रोडमैप लेकर लौटा है. उन्होंने कहा कि सरकार प्रत्येक निवेशक के साथ निरंतर फॉलो-अप करेगी, ताकि निवेश प्रस्तावों को जल्द से जल्द धरातल पर उतारा जा सके। उनका कहना है कि इन निवेशों से युवाओं के लिए रोजगार एवं करियर के नए अवसर पैदा होंगे और स्थानीय उद्यमियों तथा उद्योगों के लिए विकास के नए रास्ते खुलेंगे।

निवेश, कौशल और वैश्विक साझेदारी की नई शुरुआत

तीन दिवसीय सिंगापुर दौरे में मिले ₹43,600 करोड़ के निवेश प्रस्ताव, कौशल विकास के लिए एमओयू और वैश्विक संस्थाओं के साथ सहयोग की पहल से छत्तीसगढ़ के लिए निवेश, तकनीक, कौशल, हरित विकास और पर्यटन के क्षेत्रों में नई संभावनाएं सामने आई हैं। अब इन निवेश प्रतिबद्धताओं और प्रस्तावित साझेदारियों को जमीन पर उतारना राज्य सरकार के लिए अगला महत्वपूर्ण कदम होगा।

About The Author

You may have missed