टेम्परेचर 43 डिग्री के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा बिलासपुर

IMG_9311

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी तेजी से बढ़ रही है। मंगलवार को बिलासपुर प्रदेश में सबसे गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 43.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक है। बिलासपुर में न केवल दिन की तपिश बढ़ी है, बल्कि रातें भी गर्म होने लगी हैं। मंगलवार को शहर का न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.4 डिग्री अधिक रहा। भीषण गर्मी के बीच राहत की बात यह रही कि पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी गई थी, लेकिन बिलासपुर पर इसका विशेष प्रभाव नहीं पड़ा। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ेगी। 22 अप्रैल से अगले 4 दिनों तक मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हीट वेव चलने की आशंका है। इधर, रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर यात्रियों को राहत देने के लिए मिस्टिंग सिस्टम शुरू किया गया। सीनियर डीसीएम अनुराग कुमार सिंह के निर्देश पर मरम्मत के बाद शुरू हुए इस सिस्टम से तापमान में गिरावट आई और यात्रियों की बेचैनी कम हुई।

About The Author