बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, में मनाया गया संविधान दिवस : संविधान के मूल्यों, सामाजिक न्याय, समानता एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति प्रतिबद्धता का दिया संदेश

WhatsApp Image 2026-11-26 at 17.12.10

बिलासपुर, छत्तीसगढ़ | 26 नवंबर 2026 – भारत के संविधान को अंगीकृत किए जाने की स्मृति में 26 नवंबर को बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बिलासपुर में संविधान दिवस हर्षोल्लास, उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने संविधान के आदर्शों, मूल्यों एवं लोकतांत्रिक परंपराओं के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की. कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. एस.एल. स्वामी द्वारा उपस्थित प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं को संविधान की शपथ दिलाकर किया गया। अपने संबोधन में डॉ. स्वामी ने भारतीय संविधान की महत्ता, उसकी मूल भावना, नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संविधान भारतीय लोकतंत्र की आधारशिला है। उन्होंने सभी से संविधान में निहित आदर्शों, मूल्यों एवं सिद्धांतों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा राष्ट्र के प्रति जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया।इस अवसर पर डॉ. यशपाल सिंह निराला, सहायक प्राध्यापक (कीट विज्ञान) ने अपने सारगर्भित उद्बोधन में सामाजिक लोकतंत्र, संवैधानिक गरिमा, समान अधिकार एवं सामाजिक न्याय के महत्व को विस्तारपूर्वक रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि सशक्त लोकतंत्र की स्थापना तभी संभव है, जब प्रत्येक नागरिक को समान अवसर, स्वतंत्रता, न्याय एवं सम्मान प्राप्त हो। उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान के प्रति जागरूक रहने, उसकी गरिमा बनाए रखने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को अपने व्यवहार एवं जीवनचर्या में अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान 26/11 मुंबई आतंकवादी हमले में शहीद हुए वीर जवानों तथा हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष नागरिकों की स्मृति में दो मिनट का मौन धारण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित सभी सदस्यों ने राष्ट्र की सुरक्षा एवं मानवता की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीरों के अदम्य साहस, त्याग एवं बलिदान को नमन किया। इस अवसर पर डॉ. आर.के.एस. तिवारी, डॉ. गीत शर्मा, अजीत विलियम्स, डॉ. प्रमेंद्र कुमार केसरी, डॉ. दिनेश पांडे, डॉ. कृष्ण सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल आयोजन डॉ. हेम प्रकाश वर्मा, समन्वयक, रावे के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम का सुव्यवस्थित एवं प्रभावी संचालन चतुर्थ वर्ष की छात्रा चंचल गावडे द्वारा किया गया।

About The Author

You may have missed