मितानिनों के समर्पण और अथक प्रयासों से छत्तीसगढ़ की स्वास्थ्य सेवाओं में आया ऐतिहासिक बदलाव – नारायण कुर्रे
रायपुर।छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद प्रदेश की तत्कालीन स्वास्थ्य परिस्थितियों को देखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 23 नवंबर 2001 को मितानिन कार्यक्रम की शुरुआत की गई थी। उस समय प्रदेश में शिशु मृत्यु दर एवं मातृ मृत्यु दर काफी अधिक थी। बच्चों में कुपोषण, महिलाओं में एनीमिया तथा उल्टी-दस्त और मलेरिया जैसी बीमारियों का प्रकोप एक बड़ी चुनौती थी। आज मितानिनों के अथक परिश्रम, समर्पण और निरंतर जनसेवा के परिणामस्वरूप मातृ एवं शिशु मृत्यु दर तथा कुपोषण में उल्लेखनीय कमी आई है। मितानिनें आज गांव-गांव में मलेरिया के संभावित मरीजों की पहचान कर तत्काल आरडीटी (RDT) जांच करती हैं और जांच में मलेरिया की पुष्टि होने पर निर्धारित उपचार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उनके प्रयासों से प्रदेश में मलेरिया नियंत्रण की दिशा में उल्लेखनीय सफलता मिली है।
कोरोना जैसी वैश्विक महामारी के दौरान भी मितानिनों ने अपनी जान की परवाह किए बिना दिन-रात एक कर लोगों की जान बचाने और समुदाय को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका यह सेवा भाव और समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा। मितानिनों, ब्लॉक समन्वयकों, स्वस्थ पंचायत समन्वयकों एवं मितानिन प्रशिक्षकों को शासन की ओर से अधिक से अधिक आवश्यक सुविधाएं एवं संसाधन उपलब्ध कराए जाने चाहिए, ताकि वे गांवों में और अधिक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर सकें। उक्त बातें नगर पंचायत बाराद्वार के अध्यक्ष नारायण कुर्रे जी ने अंबेडकर भवन में आयोजित जिला स्तरीय प्रशिक्षण एवं मितानिन सम्मान दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि की आसंदी से व्यक्त कीं।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि माननीय जीतेश शर्मा जी उपाध्यक्ष नगर पंचायत बाराद्वार ने अपने उद्बोधन में कहा कि मितानिनें बच्चों के नियमित टीकाकरण, संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने में निरंतर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। गांव-गांव में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में मितानिनों का योगदान सराहनीय है। इस समर्पण, मेहनत और जनसेवा के लिए आप सभी मितानिनें बधाई एवं प्रशंसा की पात्र हैं।
कार्यक्रम में राज्य स्वास्थ्य प्रणाली संसाधन केंद्र (SHSRC), रायपुर के कार्यक्रम प्रबंधक माननीय सत्यप्रकाश साहू जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि मितानिनें केवल मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि टीबी, कुष्ठ रोग, मधुमेह (शुगर), उच्च रक्तचाप (बीपी) जैसी बीमारियों की पहचान एवं उपचार के लिए लोगों को जागरूक करने तथा बुजुर्गों की देखभाल में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इसके साथ ही बच्चों को निमोनिया से बचाने और समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए भी निरंतर प्रयासरत हैं।
इस प्रकार मितानिनें स्वास्थ्य के प्रत्येक क्षेत्र में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाते हुए लोगों को स्वस्थ रखने में अमूल्य योगदान दे रही हैं। वास्तव में, मितानिन गांव की सबसे बड़ी समाजसेविका हैं, जो निःस्वार्थ भाव से समुदाय के स्वास्थ्य और कल्याण के लिए निरंतर समर्पित हैं।
कार्यक्रम में अतिथियों का आभार सुमन चौधरी जिला समन्वयक मितानिन कार्यक्रम सक्ती ने किया | कार्यक्रम को सफल बनाने में रजनी राठौर, आशा बरेठ , सहोद्रा साहू , ओमेश्वरी सोनी , संतोषी धीरहे , प्रेम बंजारे, घासनीनं टंडन, निर्मला साहू, नूतन चौहान, राधिका महंत एवं मितानिन प्रशिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा |
About The Author

