छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का शानदार आगाज : 07 देशों के नर्तक दल सहित देश के 27 राज्यों तथा 06 केन्द्र शासित प्रदेशों के लगभग एक हजार कलाकारों की प्रस्तुतियां

0

छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का शानदार आगाज : 07 देशों के नर्तक दल सहित देश के 27 राज्यों तथा 06 केन्द्र शासित प्रदेशों के लगभग एक हजार कलाकारों की प्रस्तुतियां

भुवन वर्मा बिलासपुर 28 अक्टूबर 2021

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

रायपुर – राजधानी के साईंस कॉलेज मैदान में आज 28 अक्टूबर को भव्य समारोह में राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का पूर्वान्ह ग्यारह बजे शुभारंभ होगा , इसमें झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि होंगे और कार्यक्रम की अध्यक्षता छग मुख्यमंत्री भूपेश बघेल करेंगे। तीन दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में देश और विदेश के आदिवासी नर्तक दलों द्वारा रंगारंग प्रस्तुति दी जायेगी। राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में 07 देशों के नर्तक दल सहित देश के 27 राज्यों तथा 06 केन्द्र शासित प्रदेशों के 59 आदिवासी नर्तक दल शामिल हो रहे हैं। इन नर्तक दलों में लगभग 1000 कलाकार शामिल होंगे , जिनमें 63 विदेशी कलाकार होंगे। राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का यह द्वितीय आयोजन है। देश विदेश में इस आयोजन को काफी लोकप्रियता मिली है। इस वर्ष आयोजित हो रहे राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में श्रीलंका , उज्बेकिस्तान , स्वाजीलैण्ड , नाइजीरिया , पेलेस्टीन , माले और युगांडा के नर्तक दल हिस्सा लेंगे। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूर्वान्ह ग्यारह बजे से दोपहर 12: 30 बजे तक राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में हिस्सा ले रहे विदेशों तथा छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न राज्यों के आदिवासी नर्तक दलों द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट किया जायेगा। मार्च पास्ट में युगाण्डा , उत्तरप्रदेश , फिलीस्तीन , सिक्किम और छत्तीसगढ़ के आदिवासी नर्तक दल अपनी विशिष्ट संस्कृति के रंग बिखेरेंगे तथा अतिथियों के उद्बोधन होंगे। उद्घाटन समारोह में दोपहर 12.30 से दो बजे तक नाइजीरिया , फिलीस्तीन , छत्तीसगढ़ के गौर सिंग नर्तक दल , होजागिरी-त्रिपुरा के दल द्वारा अपनी प्रस्तुति दी जायेगी।दोपहर दो बजे से तीन बजे तक अतिथियों द्वारा इस अवसर पर आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन तथा अवलोकन किया जायेगा। आयोजन स्थल पर दोपहर 02.30 बजे से 06:30 बजे तक विवाह संस्कार विधा पर नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा , जिसमें प्रत्येक दल को प्रस्तुति के लिये 15 मिनट का समय निर्धारित किया गया है। इस प्रतियोगिता में 11 नर्तक दल अपनी प्रस्तुति देंगे जिसमें गोंड जनजाति का कर्मा नृत्य-मध्यप्रदेश , कड़सा नृत्य-झारखंड , गोजरी नृत्य जम्मू-कश्मीर , गुरयाबल्लु-आंध्रप्रदेश , कारबी-तिवा-आसाम , डिम्सा-आंध्रप्रदेश , धप-ओड़िसा , कोम्मुकोया-तेलंगाना , दंडार-मध्यप्रदेश , बोण्डा-ओड़िसा , मेवासी नृत्य-गुजरात की प्रस्तुति होगी। शाम 06.30 से रात्रि 07:30 बजे तक पारम्परिक त्यौहार एवं अनुष्ठान , फसल कटाई-कृषि एवं अन्य पारंपरिक विधाओं पर नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की जायेगी , जिसमें पांच नर्तक दल हिस्सा लेंगे। इनमें करमा नृत्य-छत्तीसगढ़ , झींझीं हन्ना-उत्तराखंड , गुसाड़ी-डिम्सा-तेलंगाना , उरांव-झारखंड , सिद्धी गोमा नृत्य-गुजरात की प्रस्तुति होगी। इसके बाद रात्रि आब बजे से 09.30 बजे तक मुख्य मंच पर राज्यपाल अनुसुईया उइके के मुख्य आतिथ्य और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा, जिसमें अतिथियों के उद्बोधन के बाद स्वाजीलैण्ड , उजबेकिस्तान और माली के आदिवासी नर्तक दलों द्वारा प्रस्तुति दी जायेगी। इस महोत्सव के लिये 59 सांस्कृतिक दल पहुंचे हुये हैं , प्रतिदिन 20-20 आदिवासी नर्तक दलों द्वारा अपनी प्रस्तुति दी जायेगी। यह प्रदर्शन एक प्रतियोगिता के तहत होनी है , इसके लिये विशेष जूरी को भी बुलाया गया है। जो हर प्रदर्शन का आकलन कर अंक देंगे और इन्हीं अंकों के आधार पर प्रतियोगिता का विजेता घोषित होगा। प्रतियोगिता की किसी विधा में पहले स्थान पर रही टीम को पांच लाख रुपये का पुरस्कार मिलेगा। दूसरे स्थान वालों को तीन लाख और तीसरा स्थान पाने वाली टीम दो लाख रुपये का पुरस्कार पायेगी। यह प्रतियोगिता दो वर्गों में होनी है। पहला विवाह के अवसर पर किया जाने वाला नृत्य और दूसरा उस देश-प्रदेश का कोई भी पांरपरिक नृत्य।


महोत्सव के दौरान आदिवासियों की जीवन शैली , आदिवासी संस्कृति पर केन्द्रित प्रदर्शनी भी लगायी जायेगी तथा संगोष्ठी का आयोजन किया जायेगा। प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों के स्टाल भी होंगे। प्रदर्शनी में हाथकरघा वस्त्रों और हस्तशिल्प के स्टाल भी लगाये जायेंगे। विदेशों तथा अन्य राज्यों से आने वाले नर्तक दलों के रूकने की व्यवस्था रायपुर के विभिन्न होटलों और मेरिज हॉल में की गई है। राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव के आयोजन स्थल पर ट्राइबल डांस एरिया और स्पीकर लाउंज के साथ-साथ लाइव शोकेस एरिया , ट्राइबल इंस्पायर्ड एग्जीबिट , शिल्प-ग्राम और फूड-एरिया भी होगा। आयोजन के सुचारू रूप से संचालन और आवश्यक देखरेख हेतु आयोजन स्तर पर पुलिस कंट्रोल रूम सक्रिय कर दिया गया है। यहां से पुलिस और प्रशासन के अधिकारी सुरक्षा कार्यों में लगे कर्मियों के बीच समन्वय का काम देखेंगे। यहां पुलिस और प्रशासन के 3500 से अधिक कर्मचारियों को तैनात किया गया है। इसके लिये विभिन्न जिलों से अतिरिक्त बल मंगाया गया है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *