सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाएं पर्व, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का रखें ध्यान

54ad3246-23cf-4d99-a17e-6cc037728f08

कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने ली शांति समिति की बैठक

दुर्गा विसर्जन रूट तय करने आयोजन समितियों के साथ 17 अक्टूबर को शाम 4 बजे रिवर व्यू में होगी बैठक

बिलासपुर, 16 अक्टूबर 2026/ नवरात्रि, दशहरा एवं दुर्गा विसर्जन के दौरान शांति, सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने जिला कार्यालय में शांति समिति की बैठक ली। उन्होंने बिलासपुर की सौहार्दपूर्ण परंपरा के अनुरूप आपसी सहयोग और भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि त्योहारों का आयोजन शहर की गरिमा और सुंदर परंपराओं के अनुरूप किया जाएगा।

कलेक्टर अग्रवाल ने कहा कि पर्वों की खुशियों के साथ आम नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा का ध्यान रखना भी जरूरी है। रावण दहन के लिए सुरक्षित स्थल का चयन किया जाए। विशेष रूप से यह सुनिश्चित करें कि पुतले के ऊपर अथवा आसपास बिजली के तार न हों। आयोजन स्थल पर भीड़ के सुरक्षित आवागमन और अग्नि सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था रखी जाए। दुर्गा विसर्जन के दौरान यातायात व्यवस्था पर विशेष चर्चा की गई। शहर के संकरे मार्गों और नागरिकों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए विसर्जन रूट को अंतिम स्वरूप देने के लिए 17 अक्टूबर को शाम 4 बजे रिवर व्यू में आयोजन समितियों के साथ पुलिस और प्रशासन की बैठक होगी। इसमें विसर्जन मार्ग एवं आवश्यक व्यवस्थाओं पर समन्वय किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं के साथ आम राहगीरों को भी असुविधा न हो।

एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि सभी आयोजन समितियों को डीजे एवं साउंड सिस्टम के संबंध में लागू नियमों और निर्धारित ध्वनि सीमा का पालन करना होगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों के अनुरूप कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आयोजन समितियों और नागरिकों से व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। बैठक में दीपावली से पहले पटाखा दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। संबंधित अधिकारियों को दुकानों में सुरक्षा संबंधी दिशानिर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने और अग्नि सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर और एसएसपी ने कहा कि शांति एवं सद्भाव बनाए रखने में शांति समिति के सदस्यों और आयोजन समितियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी के सहयोग से त्योहारों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और उल्लासपूर्ण बनाया जा सकता है। बैठक में नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, एडीएम शिवकुमार बनर्जी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल सहित शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।

About The Author