रायगढ़ की बेटियों ने अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर बढ़ाया देश का मान : वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी

1788422603_8cf0bd9357451ad3f11b

रायपुर, 3 सितंबर 2026। मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय लैक्रॉस टूर्नामेंट में भारतीय महिला लैक्रॉस टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। टीम की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि में छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले की तीन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों सोनम बंजारा, शांति प्रधान और मानसी भूमिया का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस उपलब्धि पर वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए तीनों खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रायगढ़ की बेटियों ने अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर अपने शानदार प्रदर्शन से देश और छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है। भारतीय महिला टीम ने टूर्नामेंट में उत्कृष्ट खेल कौशल और जुझारूपन का परिचय देते हुए सिंगापुर की टीम को पराजित कर कांस्य पदक हासिल किया। टीम की इस सफलता में सोनम बंजारा, शांति प्रधान और मानसी भूमिया की भूमिका उल्लेखनीय रही। वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि यह उपलब्धि रायगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि तीनों खिलाड़ियों की यह सफलता प्रदेश की अन्य बेटियों और युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

About The Author

You may have missed