पुष्प उत्पादन हब योजना: किसानों के लिए एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला

ac1556e2-2e6c-49f4-b88d-fde48c1924ae

उद्यानिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र, सिलफिली के मार्गदर्शन में राज्यपोषित पुष्प उत्पादन हब प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत सूरजपुर जिले को पुष्प उत्पादन हब बनाने की तैयारी

सूरजपुर।उद्यानिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र, सिलफिली में उद्यानिकी विभाग, सूरजपुर द्वारा राज्यपोषित पुष्प उत्पादन हब प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत एक दिवसीय पुष्प उत्पादन कार्यशाला सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सूरजपुर जिले को एक विकसित पुष्प उत्पादन हब के रूप में स्थापित करने हेतु कृषकों को योजना, उन्नत तकनीक, फसल चयन एवं बाजार की मांग के अनुरूप पुष्प उत्पादन के संबंध में तकनीकी जानकारी प्रदान करना था।

कार्यक्रम में सूरजपुर जिले में लगभग 250 हेक्टेयर क्षेत्रफल में पुष्प उत्पादन हब विकसित करने हेतु राज्य शासन की विभिन्न योजनाओं एवं प्रावधानों की विस्तृत जानकारी संबंधित कृषकों एवं प्रतिभागियों को प्रदान की गई। उद्यानिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र, सिलफिली के विशेषज्ञों द्वारा चयनित कृषकों को पुष्प उत्पादन से संबंधित आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन दिया गया। कृषकों को जिले की जलवायु एवं मौसम के अनुरूप विभिन्न प्रकार के पुष्प पौधों का चयन एवं रोपण, वर्षभर पुष्प उत्पादन बनाए रखने, उन्नत उत्पादन तकनीकों तथा वैज्ञानिक पुष्प खेती के संबंध में जानकारी प्रदान की गई, ताकि योजना का सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।

इस अवसर पर महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. रविंद्र तिग्गा द्वारा जिले में पुष्प उत्पादन की महत्ता एवं इसकी बढ़ती संभावनाओं पर प्रकाश डाला गया। उन्होंने कृषकों को स्थानीय जलवायु एवं बाजार की मांग के अनुरूप विभिन्न पुष्प फसलों का चयन करने तथा उन्नत एवं वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाकर गुणवत्तापूर्ण पुष्प उत्पादन करने के सुझाव दिए। साथ ही, पुष्प उत्पादन के माध्यम से कृषकों की आय में वृद्धि, रोजगार सृजन एवं जिले में उद्यानिकी आधारित व्यवसाय को बढ़ावा देने की संभावनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम के दौरान सहायक संचालक, उद्यान, सूरजपुर द्वारा राज्यपोषित पुष्प उत्पादन हब प्रोत्साहन योजना से संबंधित विभिन्न प्रावधानों, पात्रता, योजना के उद्देश्यों एवं कृषकों को उपलब्ध सुविधाओं तथा सहयोग के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने बाजार की मांग एवं पुष्पों की विपणन संभावनाओं के अनुरूप पुष्प फसलों का चयन कर खेती करने तथा उचित उत्पादन एवं विपणन तकनीक अपनाकर कृषकों की आय में वृद्धि करने के संबंध में मार्गदर्शन दिया।

कार्यक्रम में जिले के समस्त उद्यान अधीक्षक, विभिन्न ग्रामों के प्रगतिशील कृषक तथा उद्यानिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र, सिलफिली के शिक्षकगण उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों को सूरजपुर जिले को राज्यपोषित पुष्प उत्पादन हब के रूप में विकसित करने की योजना के उद्देश्यों, संभावनाओं एवं क्रियान्वयन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।

इसके अतिरिक्त, उद्यानिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र, सिलफिली में 12 वीं कक्षा के आधार पर प्रवेश हेतु उपलब्ध शैक्षणिक अवसरों एवं प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित जानकारी जिले के उपस्थित अधिकारियों को प्रदान की गई, ताकि वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र में विद्यार्थियों एवं कृषकों के बीच महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों तथा प्रवेश संबंधी जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार कर सकें।

कार्यक्रम एवं महाविद्यालय की गतिविधियों से संबंधित आवश्यक सूचनाओं का व्हाट्सऐप के माध्यम से भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया, जिससे जिले के कृषकों, अधिकारियों एवं अन्य संबंधित हितधारकों तक जानकारी शीघ्र एवं प्रभावी रूप से पहुंचाई जा सके। इस प्रकार, कार्यशाला सह प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से जिले में पुष्प उत्पादन को बढ़ावा देने, कृषकों को वैज्ञानिक तकनीकों से जोड़ने तथा सूरजपुर को एक प्रमुख पुष्प उत्पादन हब के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।

About The Author

You may have missed