विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग–2026 में बीटीसी कृषि महाविद्यालय के विद्यार्थियों की उल्लेखनीय सहभागिता
राष्ट्रीय सुरक्षा, अंतरिक्ष, शासन एवं नेतृत्व से जुड़े विशिष्ट व्यक्तित्वों के सान्निध्य में किया राज्य व विश्वविद्यालय का गौरवपूर्ण प्रतिनिधित्व
बिलासपुर। बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बिलासपुर के लिए यह अत्यंत गौरव एवं सम्मान का विषय है कि महाविद्यालय के दो प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने “विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग–2026” के अंतर्गत 9 जनवरी से 12 जनवरी 2026 तक नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय युवा महोत्सव में सक्रिय सहभागिता कर महाविद्यालय, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर तथा छत्तीसगढ़ राज्य का राष्ट्रीय मंच पर प्रभावशाली प्रतिनिधित्व किया।
इस राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित कार्यक्रम में महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व करने वाले विद्यार्थियों में मानसी चंद्राकर, एम.एससी. (कृषि), प्रथम वर्ष एवं बेदराम वर्मा, बी.एससी. (कृषि), चतुर्थ वर्ष शामिल रहे।
उक्त कार्यक्रम का उद्देश्य विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने हेतु युवाओं की भूमिका को सुदृढ़ करना रहा। इस दौरान देशभर से चयनित युवा प्रतिनिधियों ने विभिन्न विषयगत सत्रों, बौद्धिक मंथन कार्यक्रमों, विशेषज्ञों के समक्ष प्रस्तुतियों एवं संवाद मंचों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।
कार्यक्रम की गरिमा उस समय और बढ़ गई जब प्रतिभागियों को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल, भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला, तथा विभिन्न माननीय केंद्रीय मंत्रियों एवं डोमेन मंत्रियों के विचारों को प्रत्यक्ष रूप से सुनने और उनसे संवाद करने का अवसर प्राप्त हुआ। इन प्रेरक संवादों ने युवाओं में राष्ट्र सुरक्षा, वैज्ञानिक प्रगति, नवाचार एवं वैश्विक नेतृत्व की भावना को सशक्त किया।
इसके अतिरिक्त, कार्यक्रम से पूर्व रायपुर में आयोजित भव्य विदाई समारोह में छत्तीसगढ़ के माननीय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं उपमुख्यमंत्री अरुण साव के मार्गदर्शन एवं शुभकामनाओं ने प्रतिभागियों को विशेष रूप से प्रेरित किया। माननीय मुख्यमंत्री द्वारा युवाओं को छत्तीसगढ़ की संस्कृति, विचार और संभावनाओं को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का संदेश दिया गया, जिसने विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और उत्तरदायित्व की भावना को और प्रबल किया।
महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने संवाद के दौरान कृषि एवं ग्रामीण विकास, सतत कृषि प्रणालियाँ, नवाचार, आत्मनिर्भर भारत, युवा नेतृत्व, समावेशी विकास तथा जलवायु अनुकूल कृषि जैसे विषयों पर अपनी सहभागिता एवं विचार प्रस्तुत किए। उनकी अनुशासित उपस्थिति, सकारात्मक दृष्टिकोण, वैचारिक स्पष्टता एवं नेतृत्व क्षमता को कार्यक्रम के दौरान सराहना प्राप्त हुई।
इस राष्ट्रीय संवाद के माध्यम से विद्यार्थियों को वरिष्ठ नीति-निर्माताओं, प्रशासनिक अधिकारियों, वैज्ञानिकों, अंतरिक्ष एवं सुरक्षा विशेषज्ञों के साथ प्रत्यक्ष संवाद का दुर्लभ अवसर मिला, जिससे उनके व्यक्तित्व विकास, राष्ट्रीय दृष्टिकोण एवं नेतृत्व क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।
मानसी चंद्राकर एवं बेदराम वर्मा की इस उल्लेखनीय उपलब्धि से बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय एवं इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय की एक सकारात्मक, सशक्त एवं प्रगतिशील छवि राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित हुई है। यह उपलब्धि समस्त महाविद्यालय परिवार, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के लिए गौरव एवं प्रेरणा का विषय है।
महाविद्यालय प्रशासन द्वारा दोनों विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई है तथा यह विश्वास व्यक्त किया गया है कि ऐसे युवा भविष्य में राज्य एवं राष्ट्र के विकास में सक्रिय और निर्णायक भूमिका निभाएंगे।
About The Author


