प्रधानमंत्री मोदी ने दी सी-प्लेन की सौगात

0

प्रधानमंत्री मोदी ने दी सी-प्लेन की सौगात

भुवन वर्मा बिलासपुर 31 अक्टूबर 2020

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

केवड़िया — देश के पहले उपप्रधानमंत्री और गृह मंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल के 145वीं को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर अपने गुजरात प्रवास के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने केवड़िया में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पहुंँचकर सरदार वल्लभभाई पटेल को उनकी जयंती पर पुष्पांँजलि अर्पित की और राष्ट्रीय एकता दिवस परेड का निरीक्षण किया और परेड की सलामी ली। इस परेड में देश की सभी सुरक्षा एजेंसियों के जवान शामिल रहे जिसमें जवानों ने अपनी शौर्यता का प्रदर्शन किया। परेड से पहले पीएम मोदी ने सुरक्षा बल के जवानों को राष्ट्रीय एकता और सुरक्षा की शपथ दिलायी। इसके बाद देश की पहली सी- प्लेन सेवा का उद्घाटन किया।

चीन पाकिस्तान को दी चेतावनी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहाँ संबोधन के दौरान आतंकवाद व नकारात्मक राजनीति पर बरसते हुये पुलवामा की घटना को याद कर कहा कि कुछ लोग देश के जवानों के बलिदान पर भी दुखी नही हुये , उन्होंने इसमें भी राजनैतिक स्वार्थ ढूँढ़ने का प्रयास किया और केवल राजनीति कर रहे थे , देश यह बात कभी नही भूल सकता। आज दुनियाँ के सभी देशों को आतंकवाद के खिलाफ एकजूट होने की जरूरत है। पीएम मोदी ने चीन पाकिस्तान का बिना नाम लिये उनको चेतावनी देते हुये कहा कि आज भारत की भूमि पर नजर गड़ाने वालों को मुंहतोड़ जवाब देने की ताकत हमारे वीर जवानों में है। आज भारत सीमाओं पर सैकड़ों किलोमीटर लंबी सड़कें बना रहा है, दर्जनों ब्रिज, अनेक सुरंगें बना रहा है। अपनी संप्रभुता और सम्मान की रक्षा के लिए आज का भारत पूरी तरह तैयार है। कश्मीर का जिक्र करते हुये उन्होंने कहा कि कश्मीर से धारा 370 हटाने के बाद कश्मीर के विकास में जो बाधायें आ रही थीं, उन्हें पीछे छोडकर अब कश्मीर विकास के नये मार्ग पर बढ़ चुका है। उन्होंने कहा कि 2014 में हमने सरदार पटेल के जन्मदिवस को भारत की एकता के पर्व के रूप में मनाने की शुरुआत की थी। इन छह सालों में देश ने गांव से लेकर शहरों तक, कश्मीर से कन्याकुमारी तक, पूरब से लेकर पश्चिम तक सभी ने एक भारत-श्रेष्ठ भारत के संकल्प को पूरा करने का प्रयास किया है।

देशवासियों ने दिया साथ

कोरोना के संबंध में मोदी ने कहा किसी ने कल्पना भी नही की थी कि हमें कोरोना महामारी का सामना करना पड़ेगा। इसने पूरे विश्व में मानव जीवन को प्रभावित किया, हमारी गति को प्रभावित किया है। लेकिन इस महामारी के सामने 130 करोड़ देशवासियों ने जिस तरह अपने सामूहिक सामर्थ्य को साबित किया है वो अ​भूतपूर्व है। उन्होंने आठ महीनों से हमें इस संकट से लड़ने , जूझने और विजयपथ पर आगे बढ़ने की ताकत दी है। आज भारत कोरोना से उभर भी रहा है और एकजुट होकर आगे भी बढ़ रहा है। ये वैसी ही एकजुटता है जिसकी कल्पना लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल ने की थी। देश की सैकड़ों रियासतों को, राजे-रजवाड़ों को एक करके, देश की विविधता को आज़ाद भारत की शक्ति बनाकर सरदार पटेल ने हिंदुस्तान को वर्तमान स्वरूप दिया। सोमनाथ के पुनर्निर्माण से सरदार पटेल ने भारत के सांस्कृतिक गौरव को लौटाने का जो यज्ञ शुरू किया था , उसका विस्तार देश ने अयोध्या में भी देखा है। आज देश राम मंदिर पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का साक्षी बना है और भव्य राम मंदिर को बनते भी देख रहा है। हमारे कोरोना वारियर्स हमारे पुलिस के अनेक होनहार साथियों ने दूसरों का जीवन बचाने के लिये अपना जीवन दे दिया। आजादी के बाद मानव सेवा और सुरक्षा के लिये जीवन देना इस देश के पुलिस बेड़े की विशेषता रही है।

महर्षि बाल्मिकी को किया याद

इस अवसर पर पीएम ने महर्षि बाल्मीकि को याद करते हुये कहा यह अद्भुत संयोग है कि आज ही वाल्मीकि जयंती भी है। आज हम भारत की जिस सांस्कृतिक एकता का दर्शन करते हैं, जिस भारत को अनुभव करते हैं, उसे और जीवंत और ऊर्जावान बनाने का काम सदियों पहले आदिकवि महर्षि वाल्मीकि ने ही किया था। महर्षि वाल्मीकि का श्लोक जननी जन्मभूमिश्च स्वर्गादपि गरीयसी की प्रेरणा हमें आज तक मातृभूमि की महता की सीख देती है। भगवान श्री राम के आदर्श , उनके संस्कार आज भारत के कोने कोने में हमें एक दूसरे से जोड़ रहे हैं तो उनका इसका बड़ा श्रेय महर्षि बाल्मीकि को ही जाता है। राष्ट्र और मातृभूमि को सबसे बढ़कर मानने का महर्षि बाल्मीकि का ही मंत्र था , वहीं आज राष्ट्र प्रथम का मजबूत आधार है। इसके बाद पीएम मोदी ने केवड़िया में एकता क्रुज का उद्घाटन कर इस क्रुज से स्टैच्यू आफ यूनिटी तक सफर भी किया।

सी-प्लेन की दी सौगात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने गुजरात प्रवास के दूसरे दिन लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर देश की पहली केवड़िया-साबरमती रिवरफ्रंट सी-प्लेन सेवा का उद्घाटन किया। यह सेवा रोजाना सैलानियों के लिये अहमदाबाद से केवड़िया और केवड़िया से अहमदाबाद के बीच उपलब्ध होगी। प्रधानमंत्री मोदी ने खुद सी-प्लेन के जरिये केवड़िया से साबरमती फ्रंट तक की इस विमान से यात्रा भी की। विमान पर सवार होने से पहले उन्होंने यहां स्थित जल हवाई अड्डे पर अधिकारियों से बात की और विमान के बारे में जानकारी ली। इस विमान में 19 लोगों के बैठने की व्यवस्था है। लगभग 200 किलोमीटर की दूरी को सीप्लेन के जरिये लगभग 40 मिनट में तय किया जा सकेगा।इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी 2017 गुजरात विधानसभा चुनाव के प्रचार के आखिरी दिन सी प्लेन की यात्रा करते नजर आये थे। तब प्रधानमंत्री ने साबरमती नदी से मेहसाणा जिले के धरोई बांध तक सी प्लेन का सफर तय किया था। काफी लोग इस बात के गवाह बने थे, लेकिन अब यही अनूठा सी प्लेन गुजरात में आम होगा। गुजरात के दूसरे दिन के सभी कार्यक्रमों की समाप्ति के पश्चात प्रधानमंत्री मोदी दिल्ली के लिये रवाना हो गये।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *