न्यू वंदना हॉस्पिटल, सकरी: पिछले 3 महीनों में मुख कैंसर की 3 जटिल सर्जरियां रहीं सफल

बिलासपुर। न्यू वंदना हॉस्पिटल, बिलासपुर (सकरी) के निदेशक डॉ. चंद्रशेखर उइके के कुशल मार्गदर्शन में अस्पताल के विशेषज्ञ सर्जिकल दल ने पिछले तीन महीनों के भीतर मुख कैंसर (Oral Cancer) से पीड़ित तीन मरीजों की सफलतापूर्वक जटिल शल्य चिकित्सा कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। तीनों मरीज कार्सिनोमा ऑफ बक्कल म्यूकोसा (Carcinoma of Buccal Mucosa) से पीड़ित थे। इनमें से दो मरीजों के दाएं गाल की अंदरूनी परत तथा एक मरीज के बाएं गाल की अंदरूनी परत में कैंसर पाया गया था।
विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत जांच के बाद आधुनिक सर्जिकल तकनीकों की सहायता से इन तीनों जटिल ऑपरेशनों को अंजाम दिया गया। कैंसर के प्रभाव और फैलाव को देखते हुए मरीजों के जबड़े के प्रभावित हिस्से को शल्य चिकित्सा द्वारा निकाला गया तथा गर्दन की लसीका ग्रंथियों (Neck Dissection) की सफाई की गई। इसके पश्चात पीएमएमसी फ्लैप (PMMC Flap) तकनीक के माध्यम से चेहरे एवं मुख की संरचना और कार्यक्षमता को पुनर्स्थापित किया गया, जिससे ऑपरेशन के बाद मरीजों को बोलने और खाने-पीने के पुनर्वास में सहायता मिल सके। निदेशक डॉ. चंद्रशेखर उइके के निर्देशन में हुई इस जटिल सर्जरी को वरिष्ठ ऑन्कोसर्जन डॉ. अमोल पाडेगांवकर एवं एनेस्थीसियोलॉजिस्ट डॉ. अभिषेक कश्यप की टीम ने अंजाम दिया।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, सभी मरीजों की सर्जरी सफल रही है तथा उनकी स्थिति स्थिर एवं संतोष जनक है। विशेषज्ञ चिकित्सकों और नर्सिंग टीम की निगरानी में मरीजों की उचित देखभाल की जा रही है। न्यू वंदना हॉस्पिटल के विशेषज्ञों ने बताया कि मुख कैंसर का समय पर निदान और विशेषज्ञ सर्जिकल उपचार मरीज के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने लोगों से तंबाकू, गुटखा एवं धूम्रपान जैसे नशे से दूर रहने तथा मुंह में लंबे समय तक रहने वाले घाव, गांठ, सफेद या लाल चकत्तों जैसी समस्याओं को गंभीरता से लेकर तुरंत विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लेने की अपील की है। न्यू वंदना हॉस्पिटल, बिलासपुर (सकरी) निदेशक डॉ. चंद्रशेखर उइके के नेतृत्व में आधुनिक सुविधाओं, अनुभवी विशेषज्ञों एवं उन्नत शल्य चिकित्सा तकनीकों के माध्यम से जटिल कैंसर रोगियों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

About The Author

You may have missed