पांच सूत्रीय मांगों को लेकर अधीक्षकों का सांकेतिक हड़ताल, लाल बंगला के पास दिया धरना

80 अधीक्षक एक दिन की हड़ताल पर बैठे, कर्मचारी संगठनों ने दिया समर्थन, नहीं मानी मांग तो आंदोलन होगा व्यापक

गौरेला, 12 नवंबर। छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय छात्रावास अधीक्षक संघ के प्रांतीय कार्यकारिणी के आह्वान पर बुधवार को जिले के 80 छात्रावास अधीक्षकों ने अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल एवं धरना-प्रदर्शन किया। गौरेला के ज्योतिपुर स्थित लाल बंगला के पास अधीक्षक हाथों में मांगों की तख्तियां लेकर शांतिपूर्ण धरने पर बैठे।

संघ की पांच प्रमुख मांगों में अधीक्षकों के कार्य समय एवं अवकाश का निर्धारण, अधीक्षक संवर्ग का कैडर पुनर्गठन एवं विभागीय परीक्षा के माध्यम से पदोन्नति, शिक्षक संवर्ग के प्रभारी अधीक्षकों को VSK उपस्थिति प्रणाली से छूट, HMS एवं ऑनलाइन उपस्थिति की व्यावहारिक समस्याओं का निराकरण, तथा छात्रावास संचालन के लिए पर्याप्त एवं मदवार बजट उपलब्ध कराना शामिल है।

संघ का कहना है कि अधीक्षक का पद सामान्य कार्यालयीन पद नहीं है। इसमें 24 घंटे विद्यार्थियों की देखरेख, भोजन, स्वास्थ्य और सुरक्षा की जिम्मेदारी जुड़ी है। विशेषकर महिला अधीक्षिकाओं के लिए यह व्यवस्था अत्यंत कठिन है। उन्हें छात्रावास परिसर में रहना पड़ता है, जिसके कारण वे पति एवं परिवार के साथ सामान्य जीवन नहीं बिता पातीं। बच्चों की परवरिश और बुजुर्गों की देखभाल भी चुनौती बन जाती है।

वहीं एक ही पद पर पूरी सेवा कर उसी पद से सेवानिवृत्त होना अन्याय है। वर्षों की सेवा के बाद भी पदोन्नति नहीं मिलना मनोबल को प्रभावित करता है। इसके साथ ही न्यूनतम 24 दिवस की उपस्थिति पर पूरे माह का मेस बजट देने की मांग भी की गई।

धरने को समर्थन देने छत्तीसगढ़ अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन के जिला संयोजक एम.एस. मरावी और प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष सचिन तिवारी धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने अधीक्षकों की मांगों को जायज बताते हुए आंदोलन को समर्थन दिया।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष उदेश सिंह तोमर एवं जिला अध्यक्ष प्रीतू राज सिंह बिसेन ने कहा कि अधीक्षक विद्यार्थियों के लिए अभिभावक की भूमिका निभाते हैं। मांगें किसी विशेष सुविधा की नहीं, बल्कि न्यायसंगत कार्य व्यवस्था, सम्मानजनक सेवा शर्तों एवं बेहतर छात्रावास संचालन की हैं। उन्होंने कहा कि मांगों का निराकरण नहीं हुआ तो आंदोलन को अगले चरण में और व्यापक किया जाएगा।

संवाददाता:-
राजेंद्र प्रसाद सोनी,
जिला ब्यूरो जीपीएम
मो. नं.:- 9981909416

About The Author

You may have missed