संचालक डॉ. जीतेन्द्र कुमार सिंगरौल ने किया सामाजिक अंकेक्षण कार्यों का औचक निरीक्षण

a1504746-3281-4a4f-9850-687e13a82555

मनरेगा एवं प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के कार्यों की जमीनी हकीकत जानी, हितग्राहियों से लिया फीडबैक

तखतपुर.बिलासपुर/छत्तीसगढ़ सामाजिक अंकेक्षण इकाई के संचालक डॉ. जीतेन्द्र कुमार सिंगरौल ने बिलासपुर जिले के विकासखंड तखतपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत भकुर्रा नवापारा में सामाजिक अंकेक्षण दल द्वारा किए जा रहे कार्यों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) एवं प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत संचालित कार्यों का निरीक्षण कर उनकी जमीनी स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान डॉ. सिंगरौल ने सामाजिक अंकेक्षण दल द्वारा किए जा रहे परीक्षण की प्रक्रिया को समझा तथा स्वयं हितग्राहियों से सीधे संवाद कर कार्यों के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, जवाबदेही और गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए संबंधित टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बड़े बांधा के गहरीकरण कार्य का किया निरीक्षण

मनरेगा के अंतर्गत बड़े बांधा में किए गए गहरीकरण कार्य का स्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य की वास्तविक स्थिति का अवलोकन करते हुए योजनाओं के अंतर्गत कराए गए कार्यों की गुणवत्ता एवं उपयोगिता का आकलन करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सामाजिक अंकेक्षण का उद्देश्य केवल अभिलेखों का परीक्षण करना नहीं, बल्कि योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति को समझना और ग्रामीणों के अनुभवों एवं सुझावों को सामने लाना भी है।

गुणवत्तापूर्ण ग्रामसभा आयोजन पर दिया जोर

डॉ. सिंगरौल ने सामाजिक अंकेक्षण दल को निर्देशित किया कि ग्रामसभा का आयोजन निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप, व्यवस्थित एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित किया जाए। ग्रामसभा में संबंधित योजनाओं के कार्यों, उपलब्ध अभिलेखों तथा हितग्राहियों से प्राप्त जानकारी को पारदर्शी तरीके से प्रस्तुत किया जाए, ताकि ग्रामीणों को अपनी बात रखने का उचित अवसर मिल सके और सामाजिक अंकेक्षण की प्रक्रिया प्रभावी बन सके।

उन्होंने टीम को क्षेत्र में जाकर वास्तविक परिस्थितियों का परीक्षण करने, हितग्राहियों से प्रत्यक्ष संवाद स्थापित करने तथा सामाजिक अंकेक्षण के प्रत्येक चरण को गंभीरता एवं निष्पक्षता के साथ संपादित करने के निर्देश दिए।

जमीनी स्तर पर पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर बल

औचक निरीक्षण के माध्यम से संचालक ने सामाजिक अंकेक्षण की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने तथा ग्रामीण विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में जनभागीदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया। इस दौरान उन्होंने टीम के कार्यों का जायजा लेते हुए गुणवत्ता-आधारित सामाजिक अंकेक्षण के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।

निरीक्षण के दौरान विकासखंड सामाजिक अंकेक्षक मुन्ना बंजारे, ग्रामीण सामाजिक अंकेक्षक संदीप कौशिक एवं राकेश दिनकर सहित मनरेगा मेट तथा स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

About The Author