सरगुजा को बड़ी रेल सौगात: अंबिकापुर-दिल्ली ट्रेन अब सप्ताह में दो दिन
सांसद चिंतामणि महाराज ने हरी झंडी दिखाकर द्विसाप्ताहिक सेवा का किया शुभारंभ, मंगलवार और गुरुवार को अंबिकापुर से हजरत निजामुद्दीन के लिए मिलेगी सीधी ट्रेन
रायपुर, 6 अक्टूबर 2026। सरगुजा संभाग के रेल यात्रियों को बड़ी सुविधा मिली है। अंबिकापुर से हजरत निजामुद्दीन के बीच संचालित एक्सप्रेस ट्रेन अब सप्ताह में एक दिन के बजाय दो दिन चलेगी। मंगलवार को अंबिकापुर रेलवे स्टेशन से सांसद श्री चिंतामणि महाराज ने द्विसाप्ताहिक सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों से मुलाकात कर उन्हें पुष्प भेंट किए और सुखद यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
मंगलवार और गुरुवार को अंबिकापुर से दिल्ली के लिए ट्रेन
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल के अनुसार, गाड़ी संख्या 22407 अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस अब प्रत्येक मंगलवार और गुरुवार को संचालित होगी। ट्रेन अंबिकापुर से सुबह 7:30 बजे रवाना होगी। वहीं, गाड़ी संख्या 22408 हजरत निजामुद्दीन-अंबिकापुर एक्सप्रेस प्रत्येक रविवार और मंगलवार को रात 11 बजे हजरत निजामुद्दीन से रवाना होगी। ट्रेन की आवृत्ति बढ़ने से सरगुजा संभाग के यात्रियों को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के लिए सप्ताह में एक अतिरिक्त सीधी रेल सेवा उपलब्ध हो गई है।
लंबे समय से थी अतिरिक्त ट्रेन की मांग
सांसद श्री चिंतामणि महाराज ने कहा कि अंबिकापुर से दिल्ली के लिए सप्ताह में दो दिन ट्रेन चलाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। अब ट्रेन की आवृत्ति बढ़ने से पूरे सरगुजा संभाग के यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि पहले सप्ताह में केवल एक दिन ट्रेन संचालित होने के कारण सभी यात्रियों को यात्रा का अवसर नहीं मिल पाता था। अतिरिक्त फेरा शुरू होने से यात्रियों को बेहतर विकल्प मिलेगा। पहले दिन भी यात्रियों में नई सेवा को लेकर उत्साह देखने को मिला। रायगढ़, जशपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से भी यात्री इस ट्रेन से सफर करने पहुंचे। सांसद ने इस सुविधा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति सरगुजा संभाग की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया।
यात्रियों की मांग पर बढ़ाई गई ट्रेन की आवृत्ति
डीआरएम राकेश रंजन ने बताया कि क्षेत्र के लोग लंबे समय से दिल्ली के लिए संचालित रेल सेवा को सप्ताह में एक दिन से बढ़ाकर दो दिन करने की मांग कर रहे थे। जनप्रतिनिधियों की मांग को ध्यान में रखते हुए रेल मंत्रालय द्वारा ट्रेन की आवृत्ति बढ़ाकर सप्ताह में दो दिन की गई है। उन्होंने कहा कि इसका लाभ अंबिकापुर के साथ-साथ ट्रेन के मार्ग में आने वाले विभिन्न स्टेशनों के यात्रियों को भी मिलेगा। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से इस अतिरिक्त रेल सेवा का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की।
अंबिकापुर रेलवे स्टेशन का भी होगा विस्तार
डीआरएम रंजन ने अंबिकापुर रेलवे स्टेशन में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि स्टेशन में नए प्लेटफॉर्म का निर्माण, रेलवे लाइनों का विस्तार और बड़े फुट ओवरब्रिज (FOB) का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा कोचिंग सुविधाओं में सुधार का कार्य भी जारी है। भविष्य में अंबिकापुर से और ट्रेनों के संचालन की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक अधोसंरचना और यात्री सुविधाओं के विस्तार पर भी काम किया जा रहा है।
शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार के लिए दिल्ली का सफर होगा आसान
अंबिकापुर नगर निगम की महापौर श्रीमती मंजूषा भगत ने कहा कि अंबिकापुर से दिल्ली के लिए सप्ताह में दो दिन सीधी रेल सेवा शुरू होना नगरवासियों और पूरे क्षेत्र के यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा है। इससे दिल्ली आने-जाने वाले विद्यार्थियों, मरीजों, व्यापारियों और अन्य यात्रियों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। कार्यक्रम में डीसीएम एस. भारतीयन, एसआर डीआरएम अहूजा, पार्षद आलोक दुबे, पार्षद रविकांत उरांव, भारत सिंह सिसोदिया, श्रीमती अरुणा सिंह, \ विनोद हर्ष सहित जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी और वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।
About The Author

