छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में तीन नवनियुक्त न्यायाधीशों ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ
बिलासपुर।छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में नवनियुक्त न्यायाधीशों ने आज एक गरिमामय समाहरोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में मुख्य न्यायाधीश महोदय के न्यायालय कक्ष में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। न्यायमूर्ति कृष्ण राम महापात्र मुख्य न्यायाधीश छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय द्वारा नवनियुक्त न्यायाधीशों न्यायमूर्ति संतोष शर्मा, न्यायमूर्ति श्रीमती सुषमा सावंत तथा न्यायमूर्ति सुधीर कुमार को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
शपथ ग्रहण समारोह निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार सुबह 10:00 बजे प्रारंभ हुआ। रजिस्ट्रार जनरल द्वारा नवनियुक्त न्यायाधीशों की नियुक्ति संबंधी अधिसूचना का वाचन किया गया, इसके पश्चात मुख्य न्यायाधीश छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय द्वारा नवनियुक्त न्यायाधीशों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। महाधिवक्ता एवं अन्य विशिष्ट वक्ताओं ने नवनियुक्त माननीय न्यायाधीशों को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई प्रेषित की। उन्होंने नवनियुक्त न्यायाधीशों की विशिष्ट न्यायिक सेवा, महत्वपूर्ण योगदान तथा अपने न्यायिक दायित्वों के निर्वहन में किए गए उत्कृष्ट कार्यों की सराहना एवं प्रशंसा की।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए नवनियुक्त न्यायाधीशों ने उन पर व्यक्त किए गए विश्वास तथा उच्च न्यायालय परिवार द्वारा किए गए आत्मीय स्वागत के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में सेवा करने से जुड़ी जिम्मेदारी एवं गौरव को स्वीकार करते हुए यह संकल्प व्यक्त किया कि वे अपने संवैधानिक एवं न्यायिक दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, सत्यनिष्ठा, निष्पक्षता, स्वतंत्रता एवं न्याय के उद्येश्य के प्रति समर्पण के साथ करेंगें।
नवनियुक्त न्यायाधीश न्यायमूर्ति संतोष शर्मा ने 19 मार्च 2009 को न्यायिक सेवा में प्रवेश किया। उन्होंने बिलासपुर, दंतेवाड़ा, बलौदाबाजार, रायपुर एवं सूरजपुर सहित विभिन्न स्थानों में न्यायिक पदों पर सेवाएं दीं। वे छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में रजिस्ट्रार (प्रशासनिक एवं स्थापना) तथा रजिस्ट्रार (विजिलेंस) के महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं, न्यायाधीश के रूप में नियुक्ति से पूर्व वे कोरबा में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर कार्यरत थे।
नवनियुक्त न्यायाधीश न्यायमूर्ति श्रीमती सुषमा सावंत ने 15 अप्रैल 1994 को न्यायिक सेवा में प्रवेश किया। उन्होंने व्यवहार न्यायाधीश वर्ग-2 से लेकर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। वे बिलासपुर फैमिली कोर्ट की प्रधान न्यायाधीश तथा छत्तीसगढ़ राज्य न्यायिक अकादमी की निदेशक के रूप में भी सेवाएं दे चुकी हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य के विधि एवं विधायी कार्य विभाग रायपुर में भी महत्वपूर्ण दायित्व निर्वहन किया हैं।
नवनियुक्त न्यायाधीश न्यायमूर्ति सुधीर कुमार ने 13 मार्च 2009 को न्यायिक सेवा में प्रवेश किया। उन्होंने बिलासपुर, जशपुर, कोरबा, महासमुंद, दंतेवाड़ा, धमतरी एवं दुर्ग सहित विभिन्न स्थानों पर न्यायिक सेवाएं दीं। वे छत्तीसगढ़ राज्य न्यायिक अकादमी में अतिरिक्त निदेशक, उच्च न्यायालय में रजिस्ट्रार (विजिलेंस) एवं रजिस्ट्रार जनरल तथा छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग में विधिक सलाहकार के रूप में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं।
नवनियुक्त न्यायाधीशों के शपथ ग्रहण के साथ छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में न्यायाधीशों की कार्यरत संख्या बढ़कर 13 हो गई।
शपथ ग्रहण समारोह में उच्च न्यायालय के माननीय न्यायाधीशगण, रजिस्ट्रार जनरल एवं रजिस्ट्री के अधिकारीगण, प्रमुख सचिव छत्तीसगढ़ राज्य विधि एवं विधायी कार्य विभाग, छत्तीसगढ़ राज्य न्यायिक अकादमी एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के, न्यायिक अधिकारी, उच्च न्यायालय के अधिकारी-कर्मचारी, नवनियुक्त न्यायाधीशों के परिजन तथा आमंत्रित अतिथि उपस्थित रहे।
About The Author

