नेपाल आपदा पीड़ितों के लिए बिलासपुर ने बढ़ाया मदद का हाथ

753ebc03-fd14-4134-973e-96c9d8d3234e

कलेक्टर के नेतृत्व में रेडक्रॉस का विशेष सहयोग अभियान शुरू, पहले दिन जुटे 72 हजार 600 रुपये

बिलासपुर, 10सितम्बर 2026/नेपाल में आई आपदा से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए बिलासपुर ने मानवीय संवेदना के साथ मदद का हाथ बढ़ाया है। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, जिला शाखा बिलासपुर द्वारा कलेक्टर एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष श्री संजय अग्रवाल के नेतृत्व में आज से विशेष राशि एकत्रीकरण अभियान शुरू किया गया। अभियान के पहले ही दिन 72 हजार 600 रुपये की सहयोग राशि एकत्रित की गई।अभियान का शुभारंभ कलेक्टर अग्रवाल द्वारा स्वयं सहयोग राशि प्रदान कर किया गया। इसके पश्चात उन्होंने रेडक्रॉस सोसायटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ कलेक्ट्रेट परिसर, पुरानी एवं नई कंपोजिट बिल्डिंग, जिला न्यायालय तथा जिला पंचायत परिसर पहुंचकर अधिकारियों एवं कर्मचारियों से नेपाल के आपदा पीड़ित परिवारों की सहायता के लिए स्वेच्छा से योगदान देने की अपील की। कलेक्टर अग्रवाल ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस कठिन घड़ी में सहायता के लिए आगे आना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपनी सामर्थ्य के अनुसार सहयोग राशि प्रदान कर इस मानवीय अभियान में सहभागी बनने की अपील की। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा राशि एकत्रीकरण अभियान आगामी 10 दिनों तक शहर के विभिन्न स्थानों पर संचालित किया जाएगा। रेडक्रॉस के दल अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर नागरिकों से सहयोग राशि एकत्रित करेंगे। अभियान के दौरान एकत्रित संपूर्ण राशि भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी की राज्य शाखा रायपुर को प्रेषित की जाएगी, जहां से इसे नेपाल आपदा से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए भेजा जाएगा।

अभियान में अध्यक्ष डॉ. बी.एल. गोयल, वाइस चेयरमैन प्रमोद शर्मा, सचिव रेडक्रॉस डॉ. शुभा गरेवाल, अरुण चौहान, सुनील सोनथालिया, सुरेंद्र गुंबर, डॉ. राजीव अवस्थी, श्रीकांत सहारे, डॉ. एम.ए. जीवनी, सौरभ सक्सेना एवं आदित्य पांडे सहित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला सरकंडा की जूनियर रेडक्रॉस की छात्राएं उपस्थित रहीं। इसके साथ ही लक्ष्मी नारायण मिश्रा, सुशील राजपूत, श्रीमती गीतेश्वरी चंद्र, श्रीमती नेहा राय एवं श्रीमती प्रीति चंद्र सहित रेडक्रॉस के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य भी राशि एकत्रीकरण अभियान में सक्रिय रूप से सहभागी रहे।

About The Author

You may have missed