शिक्षक दिवस पर मुस्लिम विकास मंच ने शिक्षा और प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने अनूठी पहल
गौरेला पेंड्रा मरवाही। शिक्षक दिवस के अवसर पर मुस्लिम विकास मंच ने शिक्षा और प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने की अनूठी पहल की। गौरेला में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में जिले के 82 मेधावी विद्यार्थियों समेत शिक्षक, डॉक्टर, इंजीनियर, अधिवक्ता और खेल प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। कलेक्टर विजय दयाराम के. ने बच्चों से संवाद कर उनके सवालों के जवाब दिए और भविष्य के लिए मार्गदर्शन किया।
दरअसल गौरेला में शिक्षक दिवस के अवसर पर मुस्लिम विकास मंच द्वारा गौरेला में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समाज के विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति रुचि, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में 82 मेधावी छात्र-छात्राओं सहित शिक्षा, चिकित्सा, इंजीनियरिंग, कानून और खेल के क्षेत्र में उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
समारोह में कक्षा 5वीं, 8वीं, 10वीं और 12वीं में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों को मंच प्रदान किया गया। इसके साथ ही राष्ट्रीय टेनिस प्रतियोगिता तथा 25वीं राज्य स्तरीय शूटिंग चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। उर्दू शिक्षकों, सेवानिवृत्त शिक्षकों, सीनियर एडवोकेट और डॉक्टरों को सम्मानित कर समाज में उनके योगदान को रेखांकित किया गया।
कार्यक्रम में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन छत्तीसगढ़ के डीजीएम मोहम्मद आमीन, जीपीएम कलेक्टर आईएएस विजय दयाराम के., पुलिस अधीक्षक आईपीएस मनोज खिलारी, आईएफएस कुमार निशांत तथा डीईओ रजनीश तिवारी सहित मुस्लिम समाज के लोग, मुस्लिम विकास मंच के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण कलेक्टर विजय दयाराम के. का विद्यार्थियों से संवाद रहा। उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई, रुचि और भविष्य के लक्ष्य को लेकर बातचीत की तथा उनके सवालों के जवाब देते हुए आगे की तैयारी के लिए मार्गदर्शन दिया। अतिथियों ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज की प्रगति का सबसे मजबूत आधार है। प्रतिभाओं का सम्मान उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है और दूसरे बच्चों में भी बेहतर प्रदर्शन की भावना पैदा करता है।
राजेंद्र प्रसाद सोनी
संवाददाता:- जिला गौरेला पेंड्रा मरवाही
मो. नं.:-9981909416
About The Author


