50 लाख से ज्यादा बच्चों को आज खिलाई गई कृमिनाशक दवा
रायपुर, 10 अगस्त 2026.राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत सोमवार को कोरबा जिले में 1 से 19 वर्ष तक के 50 लाख 06 हजार 112 बच्चों, किशोर-किशोरियों को कृमिनाशक दवा एलबेंडाजोल खिलाई गई। शासकीय साडा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कोरबा में महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने बच्चों को एलबेंडाजोल की गोली खिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। कार्यक्रम कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों, शासकीय एवं निजी स्कूलों, केंद्रीय व नवोदय विद्यालयों, मदरसों, महाविद्यालयों तथा तकनीकी शिक्षा संस्थानों के माध्यम से बच्चों को दवा दी गई। जो बच्चे 10 अगस्त को दवा लेने से छूट जाएंगे, उन्हें 17 अगस्त को मॉप-अप दिवस पर एलबेंडाजोल खिलाई जाएगी।
अभियान का उद्देश्य बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाने के साथ उनके स्वास्थ्य, पोषण, एनीमिया की रोकथाम, बौद्धिक विकास और स्कूल में नियमित उपस्थिति में सुधार करना है। स्वास्थ्य विभाग ने उम्र के अनुसार दवा की मात्रा निर्धारित की है। 1 से 2 वर्ष के बच्चों को आधी गोली चूरा कर पानी के साथ, 2 से 3 वर्ष के बच्चों को एक पूरी गोली चूरा कर तथा 3 से 19 वर्ष के बच्चों को एक पूरी गोली चबाकर पानी के साथ दी गई।
महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने बच्चों को स्वच्छता अपनाने, नियमित रूप से हाथ धोने, स्वच्छ एवं सुरक्षित भोजन तथा साफ पानी का सेवन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण के लिए कृमि संक्रमण से बचाव बेहद जरूरी है।
महापौर, कलेक्टर एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जिलेवासियों से अपील की है कि 10 अगस्त को दवा लेने से वंचित रह गए बच्चों को 17 अगस्त के मॉप-अप दिवस पर एलबेंडाजोल की दवा जरूर दिलाएं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों और पालकों से अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया।
About The Author

