श्री पीतांबरा पीठ त्रिदेव मंदिर में सावन महोत्सव एवं महारुद्राभिषेकात्मक महायज्ञ जारी, 9 अगस्त को हरिहर परिवार लगातार दूसरे वर्ष करेगा श्री शारदेश्वर पारदेश्वर महादेव का विशेष जलाभिषेक

0
bccba4ee-b680-46cf-8dca-b563fcdbe4bc

बिलासपुर। सुभाष चौक, सरकंडा स्थित श्री पीतांबरा पीठ त्रिदेव मंदिर में परम पूज्य गुरुदेव भगवान के पावन आशीर्वाद एवं पीठाधीश्वर आचार्य डॉ. दिनेश जी महाराज के सान्निध्य में सावन महोत्सव (चतुर्थ वर्ष) एवं श्री महारुद्राभिषेकात्मक महायज्ञ श्रद्धा, भक्ति एवं वैदिक परंपरा के अनुरूप भव्य रूप से संचालित हो रहा है। 30 जुलाई 2026 से 28 अगस्त 2026 तक आयोजित इस महोत्सव में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव का महारुद्राभिषेक, एवं आराधना कर पुण्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं। साथ ही 13 जुलाई 2026 से निरंतर संचालित श्री पीतांबरा हवनात्मक महायज्ञ भी प्रतिदिन विधिवत संपन्न हो रहा है।महोत्सव के अंतर्गत आयोजित विशेष महारुद्राभिषेक में प्रेम शंकर सिदार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, विशेषर सिंह पटेल अध्यक्ष गौ सेवा आयोग छत्तीसगढ़ शासन, डॉ देवेंद्र तिवारी, नीरज यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने पीठाधीश्वर आचार्य डॉ. दिनेश जी महाराज के सान्निध्य में श्री शारदेश्वर पारदेश्वर महादेव का नमक-चमक वैदिक मंत्रों के साथ विधि-विधानपूर्वक महारुद्राभिषेक कर प्रदेश, राष्ट्र एवं समस्त मानव समाज के सुख, शांति, समृद्धि एवं कल्याण की मंगलकामना की।

सावन महोत्सव की इसी श्रृंखला में 9 अगस्त 2026, प्रातः 10:00 बजे हरिहर परिवार लगातार दूसरे वर्ष श्रद्धा एवं आस्था के साथ श्री शारदेश्वर पारदेश्वर महादेव का विशेष जलाभिषेक करेगा। इस अवसर पर हरिहर परिवार के सदस्य सेंदरी स्थित हरिहर ऑक्सीजन जोन से पवित्र जल लेकर शोभायात्रा के रूप में श्री पीतांबरा पीठ त्रिदेव मंदिर पहुंचेंगे तथा वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे। यह आयोजन प्रकृति संरक्षण, शुद्ध जल के महत्व एवं सनातन आस्था के सुंदर समन्वय का संदेश भी देगा।

मंदिर में प्रतिदिन प्रातः 9:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक श्री शारदेश्वर पारदेश्वर महादेव का नमक-चमक वैदिक मंत्रों के साथ महारुद्राभिषेक किया जाता है, जिसके उपरांत दोपहर 1:30 बजे महाआरती संपन्न होती है। वहीं प्रतिदिन रात्रि 8:00 बजे से 12:30 बजे तक श्री पीतांबरा हवनात्मक महायज्ञ आयोजित किया जाता है, जिसके पश्चात रात्रि महाआरती होती है। समस्त धार्मिक अनुष्ठान पीठाधीश्वर आचार्य डॉ. दिनेश जी महाराज के कुशल मार्गदर्शन में वैदिक परंपरा के अनुरूप संपन्न हो रहे हैं। आयोजन को सफल बनाने में पंडित मधुसूदन पाण्डेय , पंडित केसरी नंदन पांडेय , पंडित चिरंजीव पांडेय , पंडित मोनू तिवारी एवं पंडित किशन तिवारी सहित सभी आचार्य एवं सेवादार अपनी सेवाएँ प्रदान कर रहे हैं।

इस अवसर पर पीठाधीश्वर आचार्य डॉ. दिनेश जी महाराज ने बताया कि सावन मास में भगवान शिव का विभिन्न पवित्र पदार्थों से अभिषेक करने का विशेष आध्यात्मिक महत्व है। शुद्ध जल से मन की शांति, गंगाजल से आध्यात्मिक शुद्धि, दुग्ध से सुख-समृद्धि एवं आरोग्य, दही से यश-प्रतिष्ठा, घी से तेज एवं दीर्घायु, शहद से वाणी में मधुरता, गन्ने के रस से धन-धान्य एवं समृद्धि तथा पंचामृत से भगवान शिव की विशेष कृपा प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि श्रद्धा, भक्ति एवं निष्काम भाव से किया गया शिवाभिषेक साधक के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा, मानसिक शांति तथा मनोकामनाओं की सिद्धि का मार्ग प्रशस्त करता है। मंदिर समिति ने समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से सपरिवार इस दिव्य आयोजन में सहभागी बनकर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद एवं पुण्य लाभ प्राप्त करने का विनम्र आग्रह किया है।

भवदीय,
डॉ. अमिता दीपेश पाण्डेय
मीडिया प्रभारी
श्री पीतांबरा पीठ त्रिदेव मंदिर
सुभाष चौक, सरकंडा, बिलासपुर (छत्तीसगढ़)

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed