पेंड्रारोड को मिली आधुनिक न्यायालय भवन की सौगात, मुख्य न्यायाधीश जस्टिस रमेश सिन्हा ने किया वर्चुअल लोकार्पण

3cc39654-99c5-4b44-8706-1ad93ba6141a

पेंड्रा रोड, 6 अगस्त। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस रमेश सिन्हा ने गुरुवार को पेंड्रा रोड स्थित सिविल कोर्ट परिसर में नवनिर्मित अतिरिक्त न्यायालय भवन का वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के न्यायाधीश एवं बिलासपुर जिले के पोर्टफोलियो जज जस्टिस रविंद्र कुमार अग्रवाल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। करीब 77.17 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस आधुनिक न्यायालय भवन में दो सर्वसुविधायुक्त कोर्ट रूम, पीठासीन अधिकारियों के लिए विश्राम कक्ष तथा स्टेनो रूम का निर्माण किया गया है। इससे न्यायिक कार्यों के संचालन में सुविधा और दक्षता बढ़ेगी। 

लोकार्पण के दौरान मुख्य न्यायाधीश जस्टिस रमेश सिन्हा ने भवन निर्माण की सराहना करते हुए इसे उत्कृष्ट परियोजना बताया। उन्होंने अधिवक्ताओं, न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि न्यायालयों की बेहतर अधोसंरचना का उद्देश्य आम नागरिकों को त्वरित, निष्पक्ष और पारदर्शी न्याय उपलब्ध कराना है। उन्होंने यह भी कहा कि न्यायिक अधिकारियों को इन संसाधनों का सर्वोत्तम उपयोग करते हुए न्याय व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना चाहिए। मुख्य न्यायाधीश ने राज्य सरकार, स्थानीय प्रशासन तथा लोक निर्माण विभाग द्वारा न्यायालयों के निर्माण, नवीनीकरण और आधुनिक तकनीक के समावेश में दिए जा रहे सहयोग की भी सराहना की। उन्होंने पेंड्रा रोड के इस नए न्यायालय भवन को भविष्य की न्यायिक अधोसंरचना परियोजनाओं के लिए एक आदर्श मॉडल बताया। 

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, बिलासपुर के स्वागत भाषण से हुआ, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रथम जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश, पेंड्रा रोड द्वारा किया गया। इस वर्चुअल समारोह में उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार, न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता, प्रशासनिक अधिकारी तथा इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।

जिला गौरेला पेंड्रा मरवाही
संवाददाता :- राजेंद्र प्रसाद सोनी
मो.नं. :- 9981909416

About The Author

You may have missed