द्रोणा पब्लिक स्कूल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया ग्रीन डे

Drona Public School Bilaspur - 1

बिलासपुर।दिनांक 31 जून 2026 को द्रोणा पब्लिक स्कूल में ग्रीन डे का आयोजन बड़े उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर नन्हे-मुन्ने बच्चे हरी सब्जियों, हरे फलों एवं हरे रंग की विभिन्न वस्तुओं के आकर्षक कटआउट बनकर विद्यालय पहुंचे। अभिभावकों ने बच्चों को अत्यंत सुंदर एवं रचनात्मक ढंग से तैयार कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों के लिए ट्री मेकिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। बच्चों ने अपनी कल्पनाशक्ति एवं रचनात्मक क्षमता का परिचय देते हुए विभिन्न प्रकार की सामग्रियों का उपयोग कर आकर्षक एवं मनमोहक पेड़ों का निर्माण किया। सभी प्रतिभागियों की प्रस्तुतियां इतनी उत्कृष्ट थीं कि प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान का चयन करना निर्णायकों के लिए अत्यंत कठिन हो गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को हरियाली, पर्यावरण संरक्षण तथा पेड़ों के हमारे जीवन में महत्व के बारे में जानकारी दी गई और उन्हें अधिक से अधिक पेड़ लगाने तथा प्रकृति की रक्षा करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के चेयरमैन डॉ. अशोक पांडेय, सचिव श्रीमती मीनू पांडेय, प्रधानाचार्या श्रीमती मानसी गोवर्धन एवं उप-प्रधानाचार्या श्रीमती रमा मिश्रा द्वारा पौधारोपण कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिकाओं नीता चक्रवर्ती, रश्मि मिश्रा, हेमलता बैस, अनामिका मिश्रा एवं निशिता राजपूत ने कार्यक्रम की आकर्षक सजावट की तथा बच्चों की मनमोहक रैंप वॉक का सफल संचालन किया। सभी शिक्षकों एवं अभिभावकों के सहयोग से यह कार्यक्रम अत्यंत सफल एवं यादगार रहा।

About The Author