सूरजपुर जिले में पहली बार उद्यानिकी के स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम हेतु पीजी सीईटी–2026 परीक्षा का आयोजन
सिलफिली, 5 जुलाई 2026।महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, दुर्ग द्वारा स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (PG CET–2026) का आयोजन 05 जुलाई 2026 को किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण प्रवेश परीक्षा के लिए उद्यानिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, सिलफिली (जिला सूरजपुर) को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। सूरजपुर जिले के लिए यह अत्यंत हर्ष एवं गौरव का विषय है कि जिले में पहली बार इस स्तर की स्नातकोत्तर प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। इस परीक्षा केंद्र में लगभग 118 अभ्यर्थी उद्यानिकी के विभिन्न स्नातकोत्तर विषयों में प्रवेश के लिए आयोजित परीक्षा में सम्मिलित होंगे। परीक्षा में सफल एवं पात्र अभ्यर्थियों को विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रदान किया जाएगा, जहाँ उन्हें उद्यानिकी विज्ञान के विभिन्न क्षेत्रों में उच्च शिक्षा, अनुसंधान तथा नवाचार से जुड़ने का अवसर प्राप्त होगा। प्रदेश के विभिन्न जिलों से आने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस केंद्र का चयन किया गया तथा महाविद्यालय के अधिष्ठाता द्वारा परीक्षा के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन हेतु सभी आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। परीक्षा केंद्र पर बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, सुरक्षा, स्वच्छता तथा अन्य आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं। परीक्षा का संचालन विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराया जाएगा। महाविद्यालय प्रशासन ने सभी परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा प्रारंभ होने के निर्धारित समय से पर्याप्त पूर्व परीक्षा केंद्र पर उपस्थित हों तथा अपना प्रवेश पत्र एवं वैध फोटो पहचान पत्र अनिवार्य रूप से साथ लेकर आएँ। साथ ही परीक्षा संबंधी सभी निर्देशों का पालन करते हुए अनुशासन बनाए रखें। सूरजपुर जिले में पहली बार इस महत्वपूर्ण प्रवेश परीक्षा के आयोजन से जिले की शैक्षणिक पहचान को नई दिशा मिलेगी तथा भविष्य में भी विभिन्न उच्च स्तरीय प्रतियोगी एवं प्रवेश परीक्षाओं के आयोजन का मार्ग प्रशस्त होगा। यह उपलब्धि जिले के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं समस्त शैक्षणिक समुदाय के लिए गर्व एवं प्रेरणा का विषय है।
About The Author

