बिलासपुर पार्षद नोटिस मामला: विधायक शैलेष ने लिखा पत्र शहर अध्यक्ष से कहा मांगे माफी

0
img_20190920_0041494506334749264432458

भुवन वर्मा, बिलासपुर 20 सितंबर 2019

विधायक और कांग्रेस संगठन की शहर में आपसी खींचतान किसी से छुपी नही है, आएदिन दोनों पक्ष एक दूसरे पर आरोप लगाते रहते हैं। अब नगर निगम पार्षद शैलेंद्र जायसवाल को शहर कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा जारी नोटिस को लेकर बवाल खड़ा हो गया है, इसे लेकर विधायक शैलेष पांडेय आगबबूला हो गए हैं। विधायक ने शहर कांग्रेस अध्यक्ष को पत्र लिखा है, जिसमे शहर अध्यक्ष को उन्होंने कहा है, कि वे संगठन को अपनी जागीर न समझें।

विधायक का पत्र – जानकारी के मुताबिक विधायक शैलेष पांडेय ने कांग्रेस के शहर अध्यक्ष नरेंद्र बोलर को लिखा है, कि समाचार पत्रों से ज्ञात हुआ है, कि आपने श्री शैलेंद्र जायसवाल पार्षद को कारण बताओ नोटिस जारी किया है, और नोटिस में परिसीमन का विरोध को मुख्य कारण बताया है। साथ ही ब्लॉक अध्यक्षों की अनुशंसा के आधार पर किया गया है। महोदय कांग्रेस पार्टी पूर्ण लोकतंत्र में मानने वाली पार्टी है, जहां प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी बात रख सकता है। और जब कार्यकर्ता के ऊपर संगठन के कुछ खास लोग अन्याय और अत्याचार करते हैं, तो वो पीड़ित होकर अपनी बात कहां रखेगा। संगठन कुछ लोगों की निजी जागीर नहीं है। न ही किसी की कठपुतली, जो उसको अपने हिसाब से चलाया जायेगा। इसे कार्यकर्ताओं के सहयोग से विचारपूर्वक चलाया जाता है। परिसीमन में एक होटल में बैठ कर बिना सभी पार्षद और शहर विधायक को सूचना दिए या आमंत्रित किये किस अधिकार पर बैठक बुलाई गई। अपनी पसंद के लोगों के साथ बैठकर उसको मनचाहा अंजाम देने की कोशिश की गई। इसमें कितने लोग शामिल थे और क्या इस कृत्य से कांग्रेस पार्टी की एकता नष्ट नहीं हुई। क्या ये घोर अपराध नहीं है? क्या ये अनुशासन हीनता नहीं है? क्या ये जनता के चुने प्रतिनिधियों का अपमान नहीं है? ये सब आपके सामने होता रहा और आप चुप बैठे थे। आपने क्यों नहीं कार्रवाई की।बिलासपुर शहर के परिसीमन में अधिकारियों की गलतियों और मनमानियों को यदि कोई भी पार्षद सुधार के लिए आवाज़ उठाता है, तो उसका संगठन क्या मुंह जबरदस्ती से बंद कर देगा। शैलेन्द्र जायसवाल पार्टी के निष्ठावान और समर्पित कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने सदैव पार्टी की छवि को अच्छा बनाने और विपक्ष की जन विरोधी नीतियों का विरोध हमेशा किया है।

महोदय उनको आपका दिया कारण बताओ नोटिस पूर्ण रूप से दुर्भावनापूर्ण और भेदभावपूर्ण है, और एक नेक और समर्पित कार्यकर्ता के ऊपर अन्याय है। महोदय आप एक भले मानुष हैं, इसलिए आपसे निवेदन है कि पार्टी की छवि को धूमिल होने से बचाएं। कार्यकर्ताओं के मनोबल को इस तरह के कृत्यों से हतोउत्साहित न करें और शैलेन्द्र जायसवाल, पार्षद से क्षमा मांगकर न्याय करें।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed