नए और छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने चल रहा विशेष अभियान

60b9c7d5-2343-4bc6-9af9-50f952b2e078

कलेक्टर ने राजनीतिक दलों की बैठक लेकर दी जानकारी, पात्र नागरिकों के पंजीयन में सहयोग की अपील

बिलासपुर, 12 अक्टूबर 2026/ कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संजय अग्रवाल ने आज मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों की बैठक लेकर नए और छूटे हुए पात्र मतदाताओं के पंजीयन के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान की जानकारी दी। उन्होंने राजनीतिक दलों से पात्र नागरिकों की पहचान और मतदाता सूची में उनके नाम दर्ज कराने में सहयोग की अपील की। बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी भी उपस्थित थे।

कलेक्टर ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार इस अभियान का उद्देश्य ऐसे पात्र नागरिकों और पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने की प्रक्रिया को सुगम बनाना है, जिनके नाम अब तक सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं। बूथ लेवल अधिकारी यानी बीएलओ घर-घर भ्रमण कर मतदाता सूची के निरंतर अद्यतनीकरण की प्रक्रिया के अंतर्गत यह कार्य करेंगे।

बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान मतदाताओं की संख्या तथा विलोपित, स्थायी रूप से स्थानांतरित, अनुपस्थित एवं मृत मतदाताओं से संबंधित जानकारी दी गई। जिले की वेबसाइट पर प्रकाशित विलोपित मतदाताओं की सूची तथा दावा-आपत्ति संबंधी सूची में शामिल पात्र नागरिकों के नाम विशेष अभियान के दौरान दर्ज कराने के संबंध में भी अवगत कराया गया।

कक्षा ग्यारहवीं और बारहवीं में अध्ययनरत 17 वर्ष से अधिक आयु के विद्यार्थियों से फॉर्म-6 भरवाने की जानकारी दी गई, ताकि 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उनके नाम मतदाता सूची में शामिल किए जा सकें। महाविद्यालयों के 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के ऐसे छात्र-छात्राओं का भी पंजीयन कराया जाएगा, जिनके नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं।

कलेक्टर ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान किसी कारण से सूची में शामिल नहीं हो पाए पात्र मतदाताओं तथा वर्तमान में नाम जुड़वाने के इच्छुक नागरिकों की पहचान में सहयोग करें। बूथ लेवल एजेंटों के माध्यम से ऐसे नागरिकों का पता लगाकर संबंधित बीएलओ से संपर्क स्थापित कराया जाए, जिससे समय पर उनका पंजीयन हो सके।

मतदाता पंजीयन के लिए इसीआईनेट एवं वोटर हेल्पलाइन मोबाइल एप अथवा voters.eci.gov.in वेबसाइट के माध्यम से फॉर्म-6 में ऑनलाइन आवेदन भी किया जा सकता है। बैठक में स्पष्ट किया गया कि विशेष अभियान के दौरान फॉर्म-6 पूर्व प्रचलित प्रक्रिया के अनुसार भरे जाएंगे और अलग से घोषणा पत्र देने की आवश्यकता नहीं होगी। राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों द्वारा सामूहिक आवेदन प्रस्तुत करने तथा फॉर्म-7 संबंधी निर्धारित सीमाओं की जानकारी भी दी गई। बैठक में निर्वाचन पर्यवेक्षक श्री अंकित तिवारी, सहायक निर्वाचन पर्यवेक्षक श्री ब्रजेश पांडेय तथा इंडियन नेशनल कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी, आम आदमी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी एवं मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

About The Author

You may have missed