Asian Games 2026: कबड्डी में गोल्ड जीतने वाली छत्तीसगढ़ की बेटी संजू देवी को डिप्टी सीएम अरुण साव ने वीडियो कॉल पर दी बधाई

d2fef4f5-a640-4842-b2b9-c3286140af4b

बिलासपुर | जापान में आयोजित एशियन गेम्स में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। इस ऐतिहासिक जीत में छत्तीसगढ़ की बेटी संजू देवी ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। संजू की इस स्वर्णिम उपलब्धि पर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने उनसे वीडियो कॉल के जरिए बातचीत की और उन्हें इस बड़ी सफलता के लिए बधाई दी।

“प्रदेश की बेटियों के लिए प्रेरणा हैं संजू देवी”

वीडियो कॉल पर बातचीत के दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने संजू देवी की सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उन्होंने पूरे देश के साथ-साथ छत्तीसगढ़ को भी गौरवान्वित किया है। डिप्टी सीएम ने कहा, “आपकी मेहनत, संघर्ष और खेल के प्रति जुनून प्रदेश की बेटियों और युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने की नई प्रेरणा देगा। पूरे छत्तीसगढ़ को अपनी बेटी की इस उपलब्धि पर गर्व है।” उन्होंने संजू को भविष्य में भी इसी तरह शानदार प्रदर्शन जारी रखने के लिए शुभकामनाएं दीं।

संजू देवी ने जताया राज्य सरकार का आभार

इस दौरान गोल्ड मेडलिस्ट संजू देवी ने अपने खेल को निखारने और आगे बढ़ने में मिले सहयोग के लिए राज्य सरकार और खेल विभाग का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शासन से मिले निरंतर प्रोत्साहन की बदौलत ही वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकीं।

अंतरराष्ट्रीय मंच पर लगाई ‘गोल्डन हैट्रिक’

मूल रूप से कोरबा की रहने वाली संजू देवी बिलासपुर स्थित बहतराई खेल अकादमी में प्रशिक्षण ले रही हैं। भारतीय महिला कबड्डी टीम की एक प्रमुख खिलाड़ी के रूप में यह अंतरराष्ट्रीय मंच पर उनकी तीसरी स्वर्णिम सफलता है। एशियन गेम्स से पहले वे कबड्डी विश्वकप और एशियन चैंपियनशिप में भी भारत को खिताब दिलाने में अपनी अहम भूमिका निभा चुकी हैं।

About The Author