प्रयास पब्लिक स्कूल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया शिक्षक दिवस
विद्यार्थियों ने शिक्षकों के सम्मान में प्रस्तुत किए भावपूर्ण कार्यक्रम, गुरुजनों की वंदना कर व्यक्त किया आभार
बिलासपुर। प्रयास ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशंस द्वारा संचालित प्रयास पब्लिक स्कूल में शिक्षक दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास एवं गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के सम्मान में विभिन्न सांस्कृतिक एवं भावपूर्ण प्रस्तुतियाँ दीं तथा गुरुजनों की वंदना कर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षकों के प्रति अपने भाव व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षक उनके जीवन में केवल शिक्षा प्रदान करने वाले नहीं, बल्कि सही दिशा दिखाने वाले मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत हैं। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रमों ने गुरु-शिष्य परंपरा की गरिमा को जीवंत कर दिया।
इस अवसर पर संस्था के चेयरमैन डॉ. सचिन यादव ने सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा—
“शिक्षक केवल ज्ञान देने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि विद्यार्थी के भविष्य को दिशा देने वाला मार्गदर्शक होता है। एक सच्चा शिक्षक अपने विद्यार्थियों के भीतर छिपी प्रतिभा को पहचानकर उसे सफलता की राह दिखाता है।”
उन्होंने कहा कि शिक्षक का योगदान केवल कक्षा और पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं होता। एक शिक्षक विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, चरित्र और भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। शिक्षक अपने ज्ञान, अनुभव और संस्कारों के माध्यम से विद्यार्थियों को जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करता है।इस अवसर पर संस्था के प्राचार्य डा पद्माकर , उप प्राचार्या श्रीमती शांति , कोऑर्डिनेटर विक्की सोनी तथा सभी शिक्षक शिक्षिकाएं व छात्र मौजूद थे ।
About The Author

