राजभाषा आयोग ने मनाया 19वां स्थापना दिवस, छत्तीसगढ़ी भाषा के साधकों का हुआ सम्मान
रायपुर। छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग कार्यालय का 19वां स्थापना दिवस शुक्रवार को रायपुर के न्यू सर्किट हाउस स्थित कन्वेंशन हॉल में गरिमामय माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी भाषा, साहित्य और संस्कृति से जुड़े साहित्यकारों, लेखकों, जनप्रतिनिधियों और साहित्यप्रेमियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एम. भारतीदासन और संस्कृति एवं राजभाषा के संचालक डॉ. संजय कन्नौजे सहित अनेक अतिथि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ी भाषा के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार में योगदान देने वाले साहित्यकारों को ‘छत्तीसगढ़ी भाषा के सेवा करइया बेटा-बेटी’ सम्मान से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में राजभाषा आयोग द्वारा प्रकाशित 11 पुस्तकों का विमोचन भी किया गया।
छत्तीसगढ़ी भाषा में संवाद ने बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम के दौरान संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एम. भारतीदासन ने छत्तीसगढ़ी भाषा में संवाद किया। उनके स्थानीय भाषा में संबोधन से कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी भाषा और संस्कृति के प्रति गौरव एवं अपनत्व की भावना और मजबूत हुई।
साहित्यिक चर्चा और कवि सम्मेलन रहा आकर्षण
आयोजन के दूसरे सत्र में ‘बाबा तुलसीदास के साहित्य म छत्तीसगढ़’ विषय पर चर्चा-गोष्ठी आयोजित की गई। इसके बाद छत्तीसगढ़ी कवि सम्मेलन हुआ, जिसमें आमंत्रित कवियों और साहित्यकारों ने अपनी रचनाओं की प्रस्तुति दी। स्थापना दिवस समारोह के माध्यम से छत्तीसगढ़ी भाषा और साहित्य के संरक्षण, संवर्धन तथा आने वाली पीढ़ियों तक इसके व्यापक प्रचार-प्रसार का संदेश दिया गया।
About The Author


