बिलासपुर में बनेगा राजिम भक्तिन माता चौक: विधायक सुशांत शुक्ला बोले- छत्तीसगढ़ की महान विभूतियों को मिलेगा सम्मान
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के न्यायधानी बिलासपुर में राजिम भक्तिन माता चौक के नामकरण के लिए भूमि पूजन समारोह का आयोजन किया है। यह आयोजन बिलासपुर जिला साहू संघ के द्वारा बहतराई स्टेडियम के पास ग्राम बिजौर परसाही तिराहा में आयोजन किया गया है।
इस मौके पर भूमि पूजन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि, जिला साहू संघ के मांग पर बहुत जल्द ही इस चौक का सौंदर्यकरण कराया जाएगा। भव्य राजिम भक्तिन माता चौक का निर्माण किया जाएगा। छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के उपाध्यक्ष और समिति के संरक्षक भुनेश्वर साहू ने कहा कि, छत्तीसगढ़ के महान विभूतियों को सम्मान मिलना चाहिए। राजिम भक्तिन माता छत्तीसगढ़ की महान विभूति है और बहुसंख्यक साहू समाज की आराध्य देवी है।
प्रदेश में चलाया जा रहा है नामकरण अभियान
छत्तीसगढ़ राज्य में राजिम भक्तिन माता की गौरव गाथा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रदेश के कोने-कोने में राजिम भक्तिन माता चौक का निर्माण होगा। जिला साहू संघ बिलासपुर के अध्यक्ष डॉ तिलक साहू ने कहा कि, आज राजिम भक्तिन माता के नाम से न्यायधानी में चौक का नामकरण हुआ है और आने वाले समय में जिला साहू संघ द्वारा अभियान चलाया जाएगा। समिति के अध्यक्ष लाला साहू ने कहा, आज का यह ऐतिहासिक कार्यक्रम तैलिक वंश के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में अंकित किया जाएगा।
About The Author
