मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को किया पुण्य स्मरण
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को किया पुण्य स्मरण
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
रायपुर – मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने देश के प्रथम प्रधानमंत्री, भारत रत्न पंडित जवाहर लाल नेहरू की 57 वीं पुण्यतिथि पर उन्हें याद करते हुये नमन किया है। सीएम बघेल ने आज यहां अपने निवास कार्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा है कि पंडित नेहरू भारत भूमि के अनमोल रत्न थे , जिन्होंने देश की स्वाधीनता से लेकर इसके नवनिर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी। पंडित नेहरू जन-जन के प्रिय नेता रहे हैं। आज भी भारतवासियों के दिल-दिमाग में उनके व्यक्तित्व और कृतित्व की अमिट छाप अंकित है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित नेहरू ने देश के विकास के लिये लोकतंत्र को अपना मूलमंत्र बनाया और भारत को एक मजबूत आधार दिया। सामाजिक अधोसंरचना से लेकर सड़क , बिजली , पानी , रेलवे , विमानन जैसी भौतिक अधोसंरचना के विकास के लिये उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। भिलाई स्टील प्लांट छत्तीसगढ़ को पंडित नेहरू की अनुपम सौगात है। सीएम बघेल ने कहा कि नेहरू जी एक विद्वान लेखक , चिंतक और विचारक भी थे। इसकी झलक उनकी किताब ‘विश्व इतिहास की झलक‘ और ‘भारत एक खोज‘ में मिलती है।
About The Author

