रामनवमी पर आस्था की महायात्रा: 1 मार्च से शुरू होगा पंजीयन

18
cc5a8a77-9cd2-4938-aa91-871981fc043d

बिलासपुर। मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या से बिलासपुर का आध्यात्मिक संबंध एक बार फिर प्रगाढ़ होने जा रहा है। रामनवमी के पावन अवसर पर 25 मार्च को 1008 रामभक्तों का भव्य जत्था अयोध्या धाम के लिए रवाना होगा। समाजसेवी एवं यात्रा संयोजक प्रवीण झा ने प्रेस वार्ता में इसकी जानकारी देते हुए बताया कि यह यात्रा लगातार तीसरे वर्ष आयोजित की जा रही है और श्रद्धालुओं में इसे लेकर विशेष उत्साह है।

ईदगाह चौक स्थित प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रवीण झा ने बताया कि पूर्व में आयोजित दो यात्राओं के माध्यम से अब तक 2016 श्रद्धालु प्रभु श्रीराम के दर्शन कर चुके हैं। इस वर्ष भी 1008 श्रद्धालुओं को निशुल्क अयोध्या धाम ले जाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रा पूरी तरह निःशुल्क रहेगी, लेकिन पंजीयन अनिवार्य होगा।

पंजीयन प्रक्रिया 1 मार्च से प्रारंभ होगी। यह प्रतिदिन सुबह 8 बजे से 10:30 बजे तक पुलिस मैदान स्थित निर्धारित केंद्र पर की जाएगी। सीमित सीटों को ध्यान में रखते हुए पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर नाम दर्ज किए जाएंगे। यात्रा में शामिल होने के लिए श्रद्धालुओं की आयु 18 से 65 वर्ष के बीच होना आवश्यक है तथा उनका पूर्णतः स्वस्थ होना अनिवार्य रहेगा। एक परिवार से अधिकतम दो लोगों को ही अनुमति दी जाएगी। पंजीयन के समय दो पासपोर्ट साइज फोटो एवं आधार कार्ड की छायाप्रति जमा करना अनिवार्य होगा। पिछले वर्ष वेटिंग सूची में रहे श्रद्धालुओं को इस बार प्राथमिकता देने की भी बात कही गई है।

यात्रा का शुभारंभ 25 मार्च को सुबह 11 बजे पुलिस ग्राउंड से होगा। इस अवसर पर 25 बसें और 10 कारें अयोध्या के लिए रवाना की जाएंगी। आयोजकों के अनुसार यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के भोजन, सुरक्षा और ठहराव की समुचित व्यवस्था की गई है। सभी यात्रियों को निर्धारित वाहनों से ही यात्रा करनी होगी तथा अनुशासन का पालन करना अनिवार्य रहेगा।

आयोजकों का कहना है कि यह यात्रा केवल धार्मिक दर्शन तक सीमित नहीं है, बल्कि बिलासपुर की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपराओं को अयोध्या से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम बन चुकी है। वर्षों से यहां रामनवमी, रामायण मंडलियों और भक्ति आयोजनों की समृद्ध परंपरा रही है, जिसे यह यात्रा नई ऊर्जा प्रदान कर रही है।

प्रेस वार्ता में यात्रा कार्यक्रम सहयोगी प्रफुल शर्मा, राम प्रताप सिंह, रौशन सिंह, रिंकू मित्रा और राजीव अग्रवाल भी उपस्थित रहे। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से समय पर पंजीयन कराकर इस आध्यात्मिक यात्रा का हिस्सा बनने की अपील की है।

About The Author

18 thoughts on “रामनवमी पर आस्था की महायात्रा: 1 मार्च से शुरू होगा पंजीयन

  1. This is really interesting, You’re a very skilled blogger. I’ve joined your feed and look forward to seeking more of your magnificent post. Also, I’ve shared your site in my social networks!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *