सुक्खू कैबिनेट के सात मंत्रियों ने राजभवन में ली शपथ
सुक्खू कैबिनेट के सात मंत्रियों ने राजभवन में ली शपथ
भुवन वर्मा बिलासपुर 08 जनवरी 2023

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
शिमला – हिमाचल में कांग्रेस की सरकार बनने और सुखविंदर सिंह सुक्खू के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के लगभग एक महीने बाद आज सुक्खू कैबिनेट का विस्तार किया गया। सीएम सुखविंदर सिंह के मत्रिमंडल में आज सात नये मंत्री शामिल हुये। शिमला स्थित राजभवन में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने आज सात नये मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। सुक्खू कैबिनेट में जिन सात विधायकों को शामिल किया गया है उनमें सोलन के विधायक धनीराम शांडिल , जवाली के विधायक चंद्र कुमार , शिलाई के विधायक हर्षवर्धन चौहान , किन्नौर के विधायक जगत सिंह नेगी , जुब्बल कोटखाई के विधायक रोहित ठाकुर , कसुम्पटी के विधायक अनिरुद्ध सिंह और शिमला ग्रामीण से विधायक विक्रमादित्य सिंह शामिल है। सूत्रों के अनुसार इनके विभागों का बंटवारा भी जल्द कर दिया जायेगा। हिमाचल राजभवन में आयोजित इस शपथ ग्रहण समारोह का संचालन मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने किया। बताते चलें सुक्खू कैबिनेट में शिमला के सात विधायकों में से तीन को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई , जबकि दस सीट पर जीत दिलवाने वाले कांगड़ा से सिर्फ एक ही मंत्री को मंत्रिमंडल में जगह दी गई है। सुखविंदर सिंह के नेतृत्व वाली हिमाचल प्रदेश मंत्रिपरिषद मे सात मंत्रियों को शामिल करने से अब मंत्रियों की कुल संख्या अब नौ हो गई है। इससे पहले ग्यारह दिसंबर को मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने ही शपथ ली थी।सुक्खू मंत्रिमंडल में अभी तीन विधायकों को और मंत्री बनाया जा सकता है , ये रिक्त पद बाद में भरे जायेंगे। चूंकि हिमाचल में सीएम समेत कुल बारह विधायक मंत्रिमंडल में शामिल हो सकते हैं। आज कैबिनेट मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री , मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा , मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार मीडिया नरेश चौहान , मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना के अलावा अन्य वरिष्ठ अधिकारी और नवनियुक्त मुख्य संसदीय सचिवों के परिवार के सदस्य भी विशेष रूप से उपस्थित थे।
छह मुख्य संसदीय सचिवों ने भी ली शपथ
हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल विस्तार से पहले मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने छह मुख्य संसदीय सचिवों को भी पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। हिमाचल प्रदेश राज्य सचिवालय में कुल्लू के विधायक सुंदर ठाकुर , रोहड़ू के विधायक मोहन लाल ब्राक्टा , दून के विधायक रामकुमार , पालमपुर के विधायक आशीष बुटेल , बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल और अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने मुख्य संसदीय सचिव की शपथ ली।
About The Author


Your article helped me a lot, is there any more related content? Thanks!